Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

वॉशिंगटन। अमेरिका में बुधवार को NOTAM (नोटिस टू एयर मिशन्स) सिस्टम में खराबी के चलते सभी फ्लाइट्स ठप हो गई हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट्स के मुताबिक अब तक 2512 फ्लाइट्स लेट हो चुकी हैं। 254 डोमेस्टिक और इंटरनेशनल फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गई हैं। सिविल एविएशन की वेबसाइट पर इस बात की पुष्टि की गई है। बाइडेन ने इसकी रिपोर्ट मांगी। अमेरिकी इतिहास में इस तरह की यह पहली घटना है।

सायबर अटैक नहीं : व्हाइट हाउस  
अमेरिकी इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी तकनीकी खराबी के बाद व्हाइट हाउस का भी बयान आया। प्रेस सेक्रेटरी कैरीन जीन पियरे के हवाले से NBC न्यूज ने कहा- ट्रांसपोर्टेशन सेक्रेटरी कुछ देर पहले प्रेसिडेंट जो बाइडेन से मिले। उन्होंने इस परेशानी के बारे में प्रेसिडेंट को जानकारी दी है। अब तक की जांच के आधार पर हम कह सकते हैं कि यह सायबर अटैक का मामला नहीं है, लेकिन प्रेसिडेंट ने इस मामले की पूरी और गंभीरता से जांच के आदेश दिए हैं।
 
उड़ान पर कितना असर पड़ सकता है
न्यूज एजेंसी के मुताबिक अमेरिका से बुधवार को कुल 21 हजार फ्लाइट टेकऑफ करने वाली हैं। इनमें ज्यादातर डोमेस्टिक फ्लाइट्स हैं। इनके अलावा 1,840 इंटरनेशनल फ्लाइट्स US में लैंड करने वाली हैं। इन पर भी असर पड़ रहा है। हालांकि, ये सभी फ्लाइट्स रद्द होंगी या लेट होंगी, ये इस बात पर डिपेंड करता है कि टेक्निकल फॉल्ट कितनी देर तक जारी रहता है या इसे फुली री-स्टोर (पूरी तरह ठीक) होने में कितना वक्त लगता है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक- अगर खराबी जल्द ठीक नहीं हुई तो अमेरिका को इससे करीब 2 करोड़ डॉलर का नुकसान हो सकता है।

फेडरल एविएशन एजेंसी ने क्या कहा
फेडरल एविएशन एजेंसी ने एक एडवाइजरी जारी की। इसमें कहा कि NOTAM (नोटिस टू एयर मिशन्स) सिस्टम ‘फेल’ हो गया है। हम ये नहीं कह सकते कि ये कब तक ठीक होगा। हालांकि इसे जल्द ठीक करने की कोशिशें जारी हैं।

NBC न्यूज के मुताबिक करीब 400 फ्लाइट्स देरी से ऑपरेट की जा रही हैं। इनमें डोमेस्टिक और अब्रॉड के फ्लाइट्स ऑपरेशन्स शामिल हैं। अमेरिकी वक्त के मुताबिक सुबह 5.31 बजे यह टेक्निकल फॉल्ट सामने आया। हालांकि अब तक यह साफ नहीं हो सका है कि इसकी वजह क्या है। एविएशन की वेबसाइट पर कहा गया- टेक्निकल स्टाफ सिस्टम को दुरुस्त करने में जुटा है। FAA ने नए बयान में कहा- यह कंप्यूटर सिस्टम में आए टेक्निकल फॉल्ट की वजह से हुआ है। खराबी का पता चल गया है। फ्लाइट ऑपरेशन्स जल्द रीस्टोर करने की कोशिश कर रहे हैं।

क्या है NOTAM 
skybrary.aero के मुताबिक, NOTAM की लैंग्वेज हकीकत में मुश्किल होती है। यह कोड लैंग्वेज होती है। आमतौर पर फ्लाइट के टेकऑफ के पहले यह जानकारी पायलट्स और क्रू मेंबर से फाइनल ब्रीफिंग में शेयर की जाती है।

मान लीजिए, किसी इलाके में कुछ फ्लाइंग एक्टिविटीज चल रही हैं तो इसकी जानकारी पहले ही NOTAM के जरिए दे दी जाती है। मसलन एयर शो, पैराशूट जम्पिंग या ग्लाइडिंग इवेंट। इनकी जानकारी पहले से ही पायलट्स और क्रू को हो जाती है।

इसके अलावा अगर कोई रन-वे या टैक्सी-वे बंद है। रेडियो नेविगेशन सिस्टम में दिक्कत है, मिलिट्री एक्सरसाइज चल रही है या फिर एयरफील्ड के नजदीक कोई दूसरी दिक्कत है तो NOTAM के जरिए तमाम जानकारियां मिल जाती हैं।