Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 विदेश मंत्री भी गायब होने के बाद पद से हटाए गए थे
बीजिंग। चीन में विदेश मंत्री के बाद अब रक्षा मंत्री ली शांगफू के भी गायब होने की रिपोर्ट्स हैं। जापान में अमेरिका के राजदूत रेहम इमैनुअल ने चीन में बढ़ते राजनीतिक उलटफेर को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया है। उन्‍होंने लिखा है कि पिछले दो सप्‍ताह से चीन के रक्षा मंत्री नहीं देखे गए हैं। इससे पहले चीन की सेना के रॉकेट फोर्स के जनरल भी गायब हो गए थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक चीनी रक्षामंत्री ली शांगफू को 29 अगस्‍त 2023 के बाद से ही नहीं देखा गया है। उन पर 2017 में हुए भ्रष्टाचार के मामले में जांच चल रही थी। उन्होंने आखिरी बार चीन-अफ्रीका शांति और सुरक्षा फोरम को संबोधित किया था। इससे पहले वो सिक्योरिटी फोरम में शामिल होने के लिए रूस के दौरे पर गए थे। इस दौरान शांगफू ने चीन को घेरने के लिए ताइवान के इस्‍तेमाल करने पर अमेरिका पर निशाना साधा था। उन्‍होंने कहा था कि अमेरिका ऐसा कर आग से खेलने का काम कर रहा है।

शी जिनपिंग ने सेना में एकता रखने को कहा
चीन के रक्षा मंत्री जिस दिन से गायब हैं, उसी समय चीन के राष्‍ट्रपति शी जिनपिंग ने देश की सेना में एकता रखने और स्थिर रहने की बात कही है। यही नहीं उन्‍होंने सेना को जंग के लिए तैयार रहने को भी कहा है। चीनी मंत्री ली को मार्च 2023 में रक्षा मंत्री नियुक्‍त किया गया था।

चीनी रक्षा ली एक सैन्य परिवार से आते हैं। ली के पिता, ली शाओज़ू, एक रेड आर्मी के अफसर रह चुके थे। उन्होंने 1930 और 1940 के दशक के अंत में जापान के खिलाफ जंग लड़ी थी। उन्हें गृहयुद्ध और उसके बाद हुए कोरियाई युद्ध के दौरान लॉजिस्टिक रेलवे के पुनर्निर्माण में अहम भूमिका के लिए भी जाना जाता था। ली को बाद में 1950 से 1970 के दशक तक तिब्बत और युन्नान के सीमावर्ती क्षेत्रों में पीएलए यानी पीपल्स लिबरेशन आर्मी का रणनीतिक रेलवे बल का प्रभारी बनाया गया।

इससे पहले चीन के विदेश मंत्री क्विन गेंग भी लापता हो चुके हैं। 4 जुलाई को यूरोपीय यूनियन के फॉरेन पॉलिसी चीफ जोसेफ बोरेल से मिलना था, लेकिन ये मीटिंग अचानक आगे खिसका दी गई। बोरेल को दो दिन पहले इसकी जानकारी दी गई। इसमें मीटिंग आगे बढ़ाने का कोई कारण नहीं बताया गया। 7 जुलाई को पहली बार पत्रकारों ने चीनी विदेश मंत्री गेंग के बारे पूछा।

चीनी विदेश मंत्रालय ने जवाब दिया कि हमें कोई जानकारी नहीं है। 10 और 11 जुलाई को गेंग को इंडोनेशिया में एक समिट में हिस्सा लेना था। कहा गया- तबीयत खराब होने की वजह से गेंग नहीं जा पाएंगे। इसकी ट्रांसस्क्रिप्ट चीनी विदेश मंत्रालय के ऑफिशियल वेबसाइट पर छपी। इसमें तबीयत वाला हिस्सा गायब था। चीन के विदेश मंत्री गेंग अंतिम बार 25 जून को रूसी, श्रीलंका और वियतनामी अधिकारियों के साथ एक बैठक में देखे गए थे। इसके बाद से सार्वजनिक कार्यक्रमों में नहीं दिखे थे।

अमेरिकी नागरिक और कैंब्रिज से पढ़ी रिपोर्टर और टीवी एंकर फू जियोतियान के साथ अफेयर की अफवाहों के बीच गेंग के लापता होने की खबरें सामने आई थीं। क्विन गेंग की गैरमौजूदगी की चर्चा चीन के सोशल मीडिया वीबो के साथ चीन के सबसे बड़े सर्च इंजन बाइडू पर भी हुई थी।