Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 आरती के बाद पीएम मोदी ने किया साष्टांग प्रणाम

अयोध्या। अयोध्या के नवनिर्मित राम मंदिर में सोमवार को भगवान रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा हो गई। श्रीराम विग्रह के प्रथम दर्शन भी हो गए। सुबह मंत्रोच्चार से रामलला को जगाया, मंगल ध्वनि से प्राण-प्रतिष्ठा शुरू हुई।  सुबह मंत्रोच्चार के साथ रामलला को जगाया गया। इसके बाद वैदिक मंत्रों के साथ मंगलाचरण हुआ। 10 बजे से शंख समेत 50 से ज्यादा वाद्य यंत्रों की मंगल ध्वनि के साथ प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम शुरू हुआ। दोपहर 12.29 बजे प्राण-प्रतिष्ठा की मुख्य विधि शुरू हुई। 84 सेकेंड में ही मूर्ति में प्राण स्थापना हो गई।

मंत्रोच्चार के साथ श्री रामलला के चरणों में जल छोड़ा, फिर अक्षत और पुष्प चढ़ाए। नैवेद्य लगाकर आरती के साथ पूजा पूरी की। इसके बाद रामलला को साष्टांग प्रणाम किया और संतों का आशीर्वाद लिया।
अब प्राण प्रतिष्ठा के बाद मंडप में वसोधारा पूजन होगा। ऋग्वेद और शुक्ल यजुर्वेद की शाखाओं का होम और परायण होगा। इसके बाद शाम को पूर्णाहुति होगी और देवताओं का विसर्जन किया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने आरती के साथ पूजा पूरी की, उनके साथ गर्भगृह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघ चालक डॉ. मोहन भागवत, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहे।

करीब 50 मिनट चली पूजा
11.55 बजे: मंदिर के उत्तरी द्वार से पीएम मोदी मंदिर परिसर में पहुंचे। हाथ में चांदी का छत्र और रामलला के वस्त्र लेकर सीधे मंदिर के अंदर गए। यहां संघ प्रमुख मोहन भाववत, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूजा में शामिल हुए।

12.10 बजे : राम मंदिर के मुख्य अर्चक पं. मोहित पांडे ने सबसे पहले शुद्धिकरण कराया। हाथ में जल लेकर पूजा और प्राण-प्रतिष्ठा का संकल्प कराया। इसके बाद प्राण-प्रतिष्ठा की मुख्य विधि शुरू हुई।

12.15 बजे : प्राण-प्रतिष्ठा की पूजा शुरू हुई। रामलला विराजमान और तीनों भाइयों की प्रतिमा के सामने बैठकर पीएम मोदी ने पूजन किया। गणपति पूजा हुई। रामलला को विभिन्न पूजन सामग्रियां और फूल चढ़ाए गए।

12.25 बजे : रामलला की आंखों से पट्टी हटाई गई। पीएम मोदी ने प्रतिमा का पूजन किया। प्रतिमा के चरणों में कमल के फूल अर्पित किए।

12.29 से 12.31 बजे : कमल के फूल से PM मोदी ने प्रतिमा के जल छिड़क कर प्राण-प्रतिष्ठा की मुख्य विधि को पूरा किया। रामलला के विग्रह पर अलग-अलग पूजन सामग्रियां चढ़ाई।

12.35 बजे : प्रधानमंत्री मोदी रामलला की पूजा की और धूप आरती की।

12.40 बजे : रामलला की आरती की गई। पीएम मोदी सहित सभी अतिथियों ने रामलला की दीपों से आरती की। आरती के दौरान पीएम मोदी ने चंवर डुलाकर रामलला की सेवा भी की।

12.55 बजे : रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा का विधान पूरा हुआ। पीएम मोदी ने गर्भगृह से निकलकर रामलला को साष्टांग प्रणाम किया। फिर मुख्य पुजारी सत्येंद्र दास और राम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास का आशीर्वाद लिया।

प्राण प्रतिष्ठा में पहुंचे सेलिब्रिटी: मुकेश-नीता अंबानी, अमिताभ, रजनीकांत शामिल हुए
अयोध्या के राम मंदिर में सोमवार 22 जनवरी को तय मुहूर्त पर रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हो गई। इसमें दिग्गज बिजनेसमैन, बॉलीवुड और साउथ के कई सेलिब्रिटीज पहुंचे। फिल्मी हस्तियों में अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, रजनीकांत, चिरंजीवी और उनका बेटा राम चरण, माधुरी दीक्षित और उनके पति डॉ. श्रीराम नेने, कंगना रणोट, रणबीर कपूर-आलिया भट्ट, रणदीप हुड्डा और पत्नी लिन लैशराम, विक्की कौशल और पत्नी कटरीना कैफ, सिंगर सोनू निगम, हरिहरन, शंकर महादेवन, डायरेक्टर-प्रोड्यूसर सुभाष घई, राजकुमार हीरानी और मधुर भंडारकर शामिल हुए। दिग्गज उद्योगपति रिलायंस ग्रुप के मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता, अनिल अंबानी, बिड़ला ग्रुप के कुमार मंगलम बिड़ला, एयरटेल के मालिक सुनील भारती मित्तल साउथ भी प्राण प्रतिष्ठा समारोह का हिस्सा बने गर्भगृह में स्थापित रामलला की प्रतिमा बनाने वाले मूर्तिकार अरुण योगीराज भी समारोह में पहुंचे। उन्होंने कहा कि मैं दुनिया का सबसे भाग्यशाली व्यक्ति हूं। वहीं, कार्यक्रम में शामिल होने से पहले अनुपम खेर ने हनुमानगढ़ी में दर्शन किए। कहा कि प्रभु राम के पास जाने से पहले हनुमान जी के दर्शन करना बहुत जरूरी है। हिंदू धर्म में ऐसा माहौल पहले कभी नहीं देखा। यह ऐतिहासिक है।

राममंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आए मेहमानों को मिला विशेष 'प्रसादम'
अयोध्या में 22 जनवरी को रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा हो चुकी है। इस दौरान समारोह में आए मेहमानों को एक विशेष 'प्रसादम' दिया गया। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने इस प्रसाद के 15 हजार पैकेट तैयार करवाए थे। यह प्रसाद एक थैले में था, जिसमें तुलसी की माला, अयोध्या पर एक किताब, धातु का दीया और भगवान राम के नाम वाला दुपट्टा शामिल था। इसमें ड्राय फ्रूट्स के लड्डू, गुड़ की रेवड़ी, रामदाना की चिक्की, अक्षत और रोली भी थी।

बॉक्स में रक्षा सूत्र भी
इसके अलावा बॉक्स में रक्षा सूत्र (कलावा) भी है। प्रसाद के डिब्बे पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और हनुमानगढ़ी का लोगो भी है। इस पर चौपाई लिखी है, जिसमें राम जन्मभूमि में रामलला की नई प्रतिमा, प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के बारे में लिखा गया है। साथ ही प्रसादम अयोध्या धाम भी लिखा हुआ है। मेहमानों को चार लड्डू, चिप्स, रेवड़ी, काजू और किशमिश का डिब्बा भी मिला।

7000 से ज्यादा मेहमान शामिल हुए
प्राण प्रतिष्ठा समारोह में अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, विक्की कौशल, कैटरीना कैफ, अरुण गोविल, पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, रविशंकर प्रसाद और उद्योगपति अनिल अंबानी सहित अन्य लोग शामिल हुए। इनके अलावा अनुपम खेर, मनोज जोशी, गायक कैलाश खेर और जुबिन नौटियाल, गीतकार प्रसून जोशी, हेमा मालिनी, कंगना रनौत, श्रीश्री रविशंकर, मोरारी बापू, रजनीकांत, पवन कल्याण, मधुर भंडारकर, सुभाष घई, शेफाली शाह और सोनू निगम भी पहुंचे।

नेपाल के जानकी मंदिर में 1 लाख दीये जलाए गए
अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पूरी हो चुकी है। भारत के साथ-साथ दुनियाभर में इसे सेलिब्रेट किया जा रहा है। नेपाल के जनकपुर में जानकी मंदिर को सजाया गया है। यहां एक लाख से ज्यादा दीपक जलाए गए। वहीं, न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर भी सेलिब्रेशन शुरू हो चुका है। श्रीलंका के सीता एलिया मंदिर में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा पर पूजा की गई। माना जाता है कि ये वही जगह है, जहां रावण हरण के बाद सीता को रखा था। मंदिर में राम भजन भी किए जा रहे हैं। वहां भगवान राम के बिलबोर्डस के साथ लोग जय श्रीराम के नारे लगा रहे हैं। भारत में इजराइल के राजदूत नाओर गिलोन ने हिंदी में ट्वीट कर राम मंदिर की बधाई दी है। प्राण प्रतिष्ठा से पहले रविवार को ताइवान के इस्कॉन में भजन कीर्तन किया गया।

tranding
tranding
tranding