Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 टक्कर के बाद 3 टुकड़े हुए, नदी में गिरा
वॉशिंगटन। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में बुधवार रात करीब 9 बजे एक यात्री विमान और एक हेलिकॉप्टर टकरा गए। क्रैश के बाद दोनों पोटोमैक नदी में गिर गए। प्लेन में 4 क्रू मेंबर समेत 64 लोग सवार थे। वहीं हेलिकॉप्टर में 3 लोग थे। इन सभी लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है।

हादसे के बाद अमेरिकी एयरलाइंस का प्लेन पोटोमैक नदी में तीन टुकड़ों में पड़ा मिला। सीबीएस न्यूज के मुताबिक अब तक 30 शव बरामद कर लिए गए हैं। वॉशिंगटन के फायर डिपार्टमेंट के प्रमुख जॉन डोनेली ने हादसे पर दिए बयान में कहा कि हादसे में अब कोई जीवित बचा होगा, उन्हें इसकी उम्मीद नहीं है।

जॉन डोनेली ने बताया कि पानी में सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। पानी काफी गहरा और मटमैला है। इससे गोताखोरों को गोता लगाने में कठिनाई आ रही है। रेस्क्यू में कई दिनों का वक्त लग सकता है।फिलहाल एयरपोर्ट पर सभी उड़ानें और लैंडिंग रोक दी गई हैं।

वॉशिंगटन के फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक घटना रोनाल्ड रीगन एयरपोर्ट के पास हुई। हादसा यूएस एयरलाइन्स के सीआरजे700 बॉम्बार्डियर जेट और सेना के ब्लैक हॉक (एच-60) हेलिकॉप्टर के बीच हुआ। अमेरिकन एयरलाइन्स का जेट कंसास राज्य से वॉशिंगटन आ रहा था।

ट्रम्प बोले- स्थिति बुरी, हादसे पर सवाल उठाए
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर लिखा कि प्लेन एयरपोर्ट के लिए एकदम सही रास्ते पर था। हेलीकॉप्टर काफी देर से प्लेन की ओर सीधा आ रहा था। रात साफ थी, प्लेन की लाइट्स जल रही थीं, फिर भी हेलिकॉप्टर ऊपर या नीचे क्यों नहीं गया या मुड़ा क्यों नहीं।
ट्रम्प ने आगे लिखा कि कंट्रोल टावर ने हेलिकॉप्टर को यह क्यों नहीं बताया कि उसे क्या करना है, बजाय इसके कि क्या उन्होंने प्लेन देखा है। उन्होंने कहा कि यह एक बुरी स्थिति है जिसे रोका जाना चाहिए था। यह अच्छी बात नहीं है।
इससे पहले व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलिन लीविट ने बताया था कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को हादसे के बारे में जानकारी दी गई है। ट्रम्प लगातार इस पर नजर बनाए हुए हैं। राष्ट्रपति ने लोगों से शांत रहने और अधिकारियों को रेस्क्यू के लिए निर्देश दिए हैं। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने हादसे में शामिल लोगों के लिए प्रार्थना करने की अपील की है।

2 रूसी नागरिक भी प्लेन पर सवार थे
रूसी न्यूज एजेंसी तास के मुताबिक प्लेन में रूस के दो फिगर स्केटर्स येवगेनिया शिश्कोवा और वादिम नौमोव भी सवार थे। दोनों ने 1994 में वर्ल्ड चैंपियनशिप भी जीती थी। दोनों शादीशुदा थे। वे कई साल से अमेरिका में रह रहे थे और आइस स्केटर्स को ट्रेनिंग देते थे। तास ने आशंका जताई है कि शिश्कोवा और नौमोव के बेटे मैक्सिम भी उसी प्लेन में हो सकते हैं।

रेस्क्यू के लिए गोताखोरों को नदी में उतारा
सीएनएन के मुताबिक लोगों के रेस्क्यू के लिए गोतोखोरों को पोटोमैक नदी में उतारा गया है। नेशनल वेदर सर्विस के मुताबिक प्लेन हादसे के बाद पानी में जिंदा बचे पैसेंजर्स को लिए खतरा हो सकता है। वॉशिंगटन का तापमान जीरो डिग्री के आसपास चल रहा है। ऐसे में पानी में गिरे लोगों को 20-30 मिनट के भीतर हाइपोथर्मिया शुरू हो सकता है। कंसास के सीनेटर रोजर मार्शल ने एक्स पर कहा कि मुझे वॉशिंटगटन डीसी आने वाले प्लेन के दुर्घटनाग्रस्त की खबर मिली है। हम लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं। हम आपसे हर एक यात्री और उनके परिवारों के लिए प्रार्थना करने की अपील करते हैं। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) के मुताबिक अमेरिकन एयरलाइंस का यह प्लेन रीगन नेशनल एयरपोर्ट (डीसीए) के रनवे 33 के पास पहुंच रहा था, तभी ब्लैकहॉक एच-60 हेलिकॉप्टर से टकरा गया। हादसे वाला सीआरजेजेौ700 बॉम्बार्डियर प्लेन लोकल उड़ान के लिए डिजाइन किया गया था और इसमें 68 से 73 यात्री बैठ सकते हैं।

tranding