
0 पुरी में रथ यात्रा रुकी, कल फिर शुरू होगी
0 रथयात्रा के दौरान एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए ह्यूमन चेन बनाई गई
पुरी/अहमदाबाद। देशभर में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा आस्था, श्रद्धा और सेवा भावना की मिसाल बनकर सामने आई। पुरी में शुक्रवार को शाम 4 बजे भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा शुरू हो गई। सबसे पहले भगवान बलभद्र का रथ खींचा गया। इसके बाद सुभद्रा और जगन्नाथ के रथ खींचे गए। यहां सेवा का अद्भुत दृश्य देखा गया।
पहले दिन सबसे पहले भगवान बलभद्र का रथ 200 मीटर तक खींचा गया, इसके बाद देवी सुभद्रा और अंत में भगवान जगन्नाथ के रथ खींचे गए। पहले दिन रथ केवल कुछ दूरी तक ही खींचे गए, क्योंकि सूर्यास्त के बाद यह परंपरा रोक दी जाती है।
रथ यात्रा अब अगले दिन शुरू होगी, क्योंकि सूर्यास्त के बाद रथ नहीं खींचे जाते। यह रथ यात्रा कल यानी शनिवार को 3 किमी दूर गुंडीचा मंदिर पहुंचेंगी। इसके बाद 9 दिन तक भगवान जगन्नाथ अपनी मौसी के यहां गुंडीचा मंदिर में ठहरेंगे। उनके साथ सुभद्रा और बलभद्र भी रहेंगे। 5 जुलाई को भगवान वापस मुख्य मंदिर लौट आएंगे।
रथयात्रा के दौरान फंसी एंबुलेंस, सेवा का अद्भुत दृश्य देखा गया
पुरी में रथयात्रा के दौरान एक एंबुलेंस फंस गई थी, जिसे निकालने के लिए 1500 लोगों ने ह्यूमन चेन बनाकर रास्ता साफ किया और आपातकालीन सेवा के लिए मार्ग प्रदान किया। इसे सफलतापूर्वक बाहर निकाली गई। यह दृश्य जनसेवा और अनुशासन का प्रतीक बन गया।
अहमदाबाद में भव्य रथयात्रा निकाली गई
उधर, अहमदाबाद में भी भव्य रथयात्रा निकाली गई। यहां गृह मंत्री अमित शाह ने सुबह 4 बजे मंगल आरती की। इसके बाद मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रथ यात्रा की शुरुआत की।
अहमदाबाद जगन्नाथ रथयात्रा में हाथी बेकाबू
अहमदाबाद में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा में शुक्रवार सुबह 10 बजे एक हाथी बेकाबू हो गया और 100 मीटर तक भागा। इसके बाद रथ यात्रा में भगदड़ सी मच गई। लोग इधर-उधर भागते दिखे। बेकाबू हुआ हाथी 17 हाथियों के ग्रुप में सबसे आगे चल रहा था। मुश्किल से काबू पाया गया। इस हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया है।


