Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 आज 11.30 बजे नई कैबिनेट की शपथ
0 नए चेहरों पर फोकस, दो डिप्टी सीएम हो सकते हैं

गांधीनगर। गुजरात में सीएम भूपेंद्र पटेल कैबिनेट के सभी 16 मंत्रियों ने गुरुवार को इस्तीफा दे दिया। कल गांधीनगर में सुबह 11.30 बजे नई कैबिनेट की शपथ होगी।
इस फेरबदल को राज्य में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी से जोड़ा जा रहा है। जानकारी के मुताबिक मंत्रिमंडल में नए चेहरे शामिल किए जा सकते हैं, 2 डिप्टी सीएम भी बनाए जा सकते हैं।
गुजरात कैबिनेट में सीएम समेत 17 मंत्री थे, जिसमें 8 कैबिनेट और 8 राज्य मंत्री (एमओएस) थे। अब यह संख्या बढ़कर 22-23 हो सकती है। कांग्रेस से भाजपा में आए विधायक भी मंत्री बन सकते हैं। गुजरात विधानसभा में 182 विधायक हैं। कुल संख्या के 15% की अधिकतम सीमा के लिहाज से सीएम समेत कुल 27 मंत्री हो सकते हैं।

अमित शाह रात में गुजरात पहुंचे
जानकारी के मुताबिक जिन विधायकों को मंत्री बनाया जाना है, उन्हें फोन करके सूचना दे दी गई है। इधर, गुजरात में तेजी से बदलते घटनाक्रम के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार रात करीब 9 बजे गुजरात पहुंचे। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार सुबह गुजरात पहुंचेंगे। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री सुनील बंसल गुजरात पहुंच चुके हैं। शाम तक राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मुंबई में एक कार्यक्रम से गुजरात लौट आए। इसके बाद रात 8 बजे उनके आवास पर मीटिंग हुई। इसके बाद राज्यपाल को नए मंत्रियों की सूची भी सौंपी जाएगी।

कांग्रेस से आए नेताओं को मिल सकता है मंत्रीपद
नए मंत्रिमंडल में 16 में से 7-10 मंत्रियों को ड्रॉप और 3-5 मंत्री रिपीट किए जा सकते हैं। नए चेहरों में कांग्रेस से आए अर्जुन मोढवाड़िया, अल्पेश ठाकोर, सीजे चावड़ा और हार्दिक पटेल को मौका मिल सकता है। सौराष्ट्र से जयेश रादडिया और जीतू वाघानी को मंत्रिमंडल में जगह मिलना तय है। खासकर पाटीदारों और उत्तर गुजरात से ठाकोर समुदाय को तवज्जो दी जाएगी। इसके अलावा, जिन राज्य मंत्रियों को हटाए जाने की संभावना है, उनमें मत्स्य पालन और पशुपालन मंत्री पुरुषोत्तम सोलंकी, पंचायत मंत्री बच्चूभाई खाबर, वन एवं पर्यावरण मंत्री मुकेश पटेल, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री भीखूसिंह परमार और आदिवासी विकास मंत्री कुंवरजी हलपति शामिल हैं।

2021 में रूपाणी का पूरा मंत्रिमंडल बदल गया था
4 साल पहले, भाजपा आलाकमान ने तत्कालीन मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत पूरे मंत्रिमंडल को अचानक बदलकर सबको चौंका दिया था। एक ऐसे घटनाक्रम में, जिसकी किसी को उम्मीद भी नहीं थी, विजय रूपाणी इस्तीफा देने राजभवन पहुंच गए थे। उनके इस्तीफे के बाद, भूपेंद्र पटेल मुख्यमंत्री बने। उनके नेतृत्व में भाजपा ने 2022 के चुनावों में 156 सीटों पर ऐतिहासिक जीत हासिल की।