0 महागठबंधन का मेनिफेस्टो भी जारी होगा
नई दिल्ली/पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए और महागठबंधन के नेता चुनाव प्रचार में जुटे हैं। कल मंगलवार को छठ खत्म होते ही इसमें तेजी आएगी। प्रियंका गांधी मंगलवार को अपने प्रचार अभियान की शुरुआत कर रही हैं।
प्रियंका कल बेगूसराय आएंगी, जिले के बछवाड़ा में उनकी सभा होगी। वहीं राहुल गांधी 29 अक्टूबर को तेजस्वी के साथ मुजफ्फरपुर और दरभंगा में संयुक्त रैली करेंगे।
बिहार चुनाव 2025 को लेकर महागठबंधन का घोषणापत्र तैयार हो गया है। पटना में कल (मंगलवार) शाम 4 बजे इसे जारी किया जाएगा, लेकिन इस मौके पर राहुल गांधी मौजूद नहीं रहेंगे।
इधर, भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि 2025 के विधानसभा चुनाव में भी मुख्यमंत्री का चेहरा नीतीश कुमार ही हैं। तेजस्वी यादव कौन सी दुनिया में हैं। श्री तिवारी ने कहा कि तेजस्वी ने लड़ाई-झगड़ा करके अपना नाम सीएम फेस के रूप में प्रोजेक्ट करवाया है। हमारे गठबंधन में पहले से मुख्यमंत्री का चेहरा तय है।
6 और 11 नवंबर को चुनाव
18वीं बिहार विधानसभा के लिए दो चरणों में चुनाव 6 और 11 नवंबर को होंगे। पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों और दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान होगा। इन दोनों चरणों में कुल 2616 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1085 प्रत्याशी यानी करीब 41% पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं।
दो दशक की सरकार ने दो पीढ़ियों को बर्बाद कियाः तेजस्वी
वहीं, तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार बदलाव के लिए बेसब्र है। यह नया बिहार बनाने का चुनाव है। जैसे एक जगह खड़ा पानी सड़ जाता है। वैसे ही यह एनडीए की सरकार हो गई है। उन्होंने कहा कि ???????? बरस तक एक ही खेत में एक ही बीज बोने से खेत और फसल दोनों खराब हो जाते हैं। वैसे ही दो दशक की इस सरकार ने बिहार की दो पीढ़ियों को बर्बाद कर दिया है।