Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 मोदी बोले-धमाका पाकिस्तान में हुआ, नींद गांधी परिवार की उड़ी
0 प्रधानमंत्री मोदी ने भोजपुर व नवादा में जनसभा को संबोधित किया

नवादा/आरा (भोजपुर)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को भोजपुर और नवादा में जनसभा की। इस दौरान कांग्रेस और आरजेडी उनके निशाने पर रहे। प्रधानमंत्री ने जंगलराज का याद दिलाया। साथ ही दावा किया कि कांग्रेस-राजद में रिश्ते खराब हो चुके हैं और चुनाव बाद एक-दूसरे का सिर फोड़ेंगे।

पीएम मोदी ने नवादा की सभा में कहा कि जंगलराज वाले-कांग्रेस वाले आपके हक का सारा पैसा लूट कर अपनी तिजोरी भरते हैं। ये मैं नहीं कह रहा, कांग्रेस के पीएम ने कहा था कि अगर मैं 1 रुपए भेजता हूं, तो वो लाभार्थी के पास पहुंचते-पहुंचते 15 पैसा हो जाता है। ये कौन-सा पंजा था, जो पैसे खा जाता था। जंगलराज ने नवादा में नरसंहार का दाग लगाया था। हालत ये थी कि किसी कर्मचारी का वेतन बढ़ता था तो वो परेशान हो जाता था। क्योंकि ज्यादा वेतन का मतलब था ज्यादा रंगदारी देना। साथ ही प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 'धमाका पाकिस्तान में हुआ, नींद गांधी परिवार की उड़ी थी।

कांग्रेस-राजद की राजनीति परिवार के इर्द-गिर्द रहती है
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार की जनता का अंक गणित अच्छा है, उनका सामान्य ज्ञान भी अच्छा है। ये चारा घोटाले वाले सोचते हैं, लोगों को चरा देंगे। इनकी राजनीति परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है। एक बिहार का सबसे भ्रष्ट परिवार, दूसरा देश का सबसे भ्रष्ट परिवार। अब दोनों परिवार में घमासान है। एक जंगलराज के युवराज हैं, उन्हें लगता है कांग्रेस युवराज की पदयात्रा ने उन्हें ही पैदल कर दिया है। कांग्रेस ने सीएम पद पर हामी तक नहीं भरी। उसके बाद राजद ने भी सबक सिखाने की ठानी। सब जानते हैं कैसे प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ ही राजद ने कैंडिडेट दे दिया।

कनपट्टी में कट्टा सटाकर राजद ने सीएम पद लिया
इससे पहले पीएम मोदी ने आरा में सभा की। यहां पीएम मोदी ने कहा कि मैं आपको अंदर की बात बता रहा हूं। नामांकन वापस लेने से पहले बिहार में गुंडागर्दी का खेल खेला गया था। कांग्रेस कभी नहीं चाहती थी कि मुख्यमंत्री पद पर राजद के नेता का नाम हो। राजद ने भी मौका नहीं छोड़ा। राजद ने कांग्रेस की कनपट्‌टी पर कट्‌टा रखकर सीएम पद चोरी कर लिया। सिर पर कट्टा रखकर कांग्रेस से सीएम पद की घोषणा करवाई गई। राजद-कांग्रेस में भयंकर झगड़ा बढ़ गया है। चुनाव से पहले इतनी दुश्मनी बढ़ गई है कि चुनाव के बाद ये एक-दूसरे का सिर फोड़ने लगेंगे। ऐसे लोग कभी बिहार का भला नहीं कर सकते हैं।

कट्टा-क्रूरता इनकी पहचान है
पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत के लिए बिहार का विकसित होना जरूरी है। राजद और कांग्रेस कभी भी बिहार को विकसित नहीं बना सकते हैं। इन लोगों ने बिहार पर कई सालों तक राज किया। इन लोगों ने आपके साथ सिर्फ विश्वासघात किया है। जहां कट्टा, क्रूरता का राज हो, वहां कानून दम तोड़ देता है। जहां कटुता बढ़ाने वाली राजद और कांग्रेस हो, वहां समाज में सद्भाव मुश्किल होता है। जहां राजद और कांग्रेस का कुशासन हो, वहां विकास का नामो-निशान नहीं होता है। जहां करप्शन हो, वहां सामाजिक न्याय नहीं मिलता, ऐसे लोग कभी भी बिहार का भला नहीं कर सकते।

बिहार में जंगलराज वापस नहीं आना चाहिए
बिहार में जंगलराज वापस नहीं आना चाहिए, इसलिए फिर एक बार एनडीए सरकार। एक तरफ हमारा घोषणा पत्र है दूसरी तरफ महागठबंधन वालों का घोषणा पत्र है। इनके मेनिफेस्टो में सब झूठ है। जनता जनार्दन को बुड़बक बूझे हो क्या। ये पब्लिक है सब जानती है। विकसित बिहार, विकसित भारत का आधार है। जब मैं विकसित बिहार की बात करता हूं, तो इसका मतलब है बिहार का औद्योगिक विकास, बिहार के युवाओं को बिहार में ही रोजगार है। आरा के इस मंच से मैं कहता हूं कि आपका सपना ही हमारा संकल्प है। इस बार बिहार की जनता एनडीए को रिकॉर्ड सीटें देने जा रही है, ये जंगलराज वाले इस बार सबसे करारी हार का रिकॉर्ड बनाने वाले हैं क्योंकि बिहार की पुरानी पीढ़ी और अब नई पीढ़ी ने ठान लिया है फिर एक बार एनडीए सरकार।

बिहार का युवा बिहार में ही काम करेगा
पीएम ने कहा कि बिहार देश की सबसे बड़ी युवा आबादी वाले राज्यों में से एक है, इसलिए एनडीए बिहार में शिक्षा और कौशल पर बहुत जोर दे रहा है। हमारा संकल्प है कि बिहार का युवा बिहार में ही काम करेगा, बिहार का नाम करेगा। इसके लिए हमने आने वाले वर्षों में एक करोड़ रोजगार देने की घोषणा की है और यह सिर्फ घोषणा नहीं है, यह कैसे होगा, इसकी योजना भी जनता के सामने रखी गई है। आज दुनिया में मेक इन इंडिया को लेकर काफी उत्साह है। हमारा लक्ष्य बिहार को मेड इन इंडिया का केंद्र बनाना है। इसके लिए हम हजारों लघु और कुटीर उद्योगों के नेटवर्क को मजबूत करेंगे।

नरसंहार के दोषियों सम्मान दे रही कांग्रेस
अगर आरजेडी बिहार में 'जंगलराज' और तुष्टिकरण की राजनीति लाई, तो कांग्रेस की पहचान सिखों के नरसंहार से जुड़ी है। यह 1 और 2 नवंबर 1984 की बात है। आज भी 2 नवंबर है। कांग्रेस के लोगों ने 1 और 2 नवंबर 1984 को दिल्ली और देश के कई अन्य हिस्सों में सिख नरसंहार को अंजाम दिया था। आज भी कांग्रेस अपनी पार्टी में सिख नरसंहार के दोषियों को पूरे सम्मान के साथ नए पद दे रही है। उन्हें बढ़ावा दे रही है। कांग्रेस हो या राजद, उन्हें अपने पापों का कोई पछतावा नहीं है।

छठ का अपमान करने वालों को मत भूलिएगा
आपने देखा है कि आपका ये बेटा तो छठी मैया की जय-जयकार दुनिया में कराने में लगा है। दूसरी तरफ ये कांग्रेस और आरजेडी के लोग छठी मैया का अपमान कर रहे हैं। क्या ऐसा अपमान, बिहार, हिंदुस्तान और मेरी माताएं जो निर्जला उपवास करती हैं, वो सहन कर सकती हैं। क्या बिहार की माताएं-बहनें छठी मैया का ये अपमान बर्दाश्त करेंगी। मैं जानता हूं कि छठी मैया के इस अपमान को बिहार का कोई भी व्यक्ति नहीं भूलेगा।

फिर एक बार एनडीए सरकार का नारा दिया
आपकी भीड़ देखकर साफ समझ आ रहा है कि इस बार बिहार में सुशासन की सरकार आ रही है। इस बार एनडीए की सरकार बनने जा रही है। कहिए फिर एक बार सुशासन सरकार फिर एक बार एनडीए सरकार।

भ्रष्टाचार पर आरजेडी-कांग्रेस को घेरा
ऐसे लोग कभी बिहार का भला नहीं कर सकते हैं। साथियों बिहार को आगे बढ़ाने के लिए उद्योग चाहिए। उद्योग के लिए जमीन, बिजली, कनेक्टिविटी और कानून का राज चाहिए। जिनका इतिहास जमीन कब्जाने का है वो बिहार का विकास कर सकता है क्या। जिन्होंने रेल को रेल को लूटा वो बिहार में कनेक्टिविटी बढ़ाएंगे क्या। जिन्होंने भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड तोड़ दिए वो कानून का राज ला सकते हैं क्या। बिहार ने कांग्रेस-आरजेडी का कुशासन देखा है।

नरेंद्र-नीतीश, हम महिला सशक्तीकरण के लिए खड़े हैं
हमने घर दिया तो पेपर बहनों के नाम पर दिए। 1 करोड़ 20 लाख बहनों के खाते में 10-10 हजार रुपए भेजे गए। इन पैसों से बहनें अपना व्यवसाय शुरू कर रही हैं। मैं विश्वास दिलाता हूं। हम यहीं नहीं रुकेंगे बहनों को आगे बढ़ाने के लिए फिर पैसे दिए जाएंगे।

tranding
tranding