0 इसने आतंकी उमर के साथ धमाके की साजिश रची
नई दिल्ली। दिल्ली ब्लास्ट केस में एनआईए ने रविवार को आतंकी उमर के साथी आमिर राशिद अली को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। इसने उमर के साथ मिलकर दिल्ली ब्लास्ट की साजिश रची थी। वह जम्मू-कश्मीर के पंपोर के संबूरा का रहने वाला है। आई20 कार आमिर के नाम पर ही रजिस्टर्ड थी।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकी डॉ. उमर नबी से जुड़े कुछ लोगों को पकड़ा है। जांच में पता चला कि डॉक्टरों वाला यह व्हाइट-कॉलर मॉड्यूल पिछले साल से एक सुसाइड बॉम्बर ढूंढ रहा था और इसकी जिम्मेदारी उमर पर थी।
हिरासत में लिए गए काजीगुंड के जसीर उर्फ दानिश ने बताया कि उसकी इस मॉड्यूल से पहली मुलाकात अक्टूबर 2023 में कुलगाम की एक मस्जिद में हुई थी। बाद में उसे फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी के पास किराए के कमरे में रखा गया।
मॉड्यूल उसे ओवरग्राउंड वर्कर बनाना चाहता था, लेकिन उमर महीनों तक उसे सुसाइड बॉम्बर बनने के लिए मनाता रहा। योजना इसलिए फेल हुई क्योंकि जसीर ने आर्थिक तंगी और इस्लाम में आत्महत्या हराम होने की बात कहकर सुसाइड बॉम्बर बनने से मना कर दिया। सुसाइड बॉम्बर नहीं मिलने पर डॉ. उमर आत्मघाती हमलावर बना और हमले को अंजाम दिया। दिल्ली में सुभाष मार्ग सिग्नल पर 10 नवंबर को हुए ब्लास्ट में 13 लोग मारे गए थे। 20 से ज्यादा घायलों का इलाज जारी है। 3 की हालत गंभीर है।
दिल्ली ब्लास्ट में एटीएस ने लखनऊ से भाई-बहन को हिरासत में लिया
दिल्ली ब्लास्ट केस में एंटी टेरेरिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने रविवार को लखनऊ से 2 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। आरोपी भाई-बहन हैं, जो पारा इलाके के कुंदन विहार में रहते थे। सूत्रों का कहना है कि दोनों का ब्लास्ट मामले से कनेक्शन मिला है। अभी आरोपियों का नाम नहीं पता चला है। परिवार के लोग भी सामने नहीं आए हैं। एटीएस दोनों को कहां लेकर गई है, यह भी जानकारी सामने नहीं आई है। एटीएस तीन दिनों से संदिग्धों की रेकी कर रही थी।