0 पायलट का वीकली रेस्ट नियम वापस लिया
0 एयरपोर्ट्स पर मारपीट के हालात, दूसरी फ्लाइट्स का किराया दोगुना
नई दिल्ली/बेंगलुरु/मुंबई/हैदराबाद। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो की पिछले 4 दिनों में 1700 से ज्यादा फ्लाइट कैंसिल होने के बाद केंद्र सरकार शुक्रवार को बैकफुट पर आ गई है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एयलाइंस, खासकर इंडिगो को 10 फरवरी 2026 तक अस्थायी राहत दी है। वीकली रेस्ट के बदले कोई भी छुट्टी नहीं देने के फैसले को वापस ले लिया।
इधर दूसरी एयरलाइन के किराए में उछाल देखने को मिला है। यात्रियों को ऑप्शनल फ्लाइट्स की तलाश में सामान्य से दोगुनी कीमत पर टिकट खरीदने पड़ रहे हैं।
बुकिंग साइट मेकमाय ट्रिप के अनुसार, 6 दिसंबर को दिल्ली से बेंगलुरु की सबसे सस्ती फ्लाइट का किराया 40,000 रुपए से ज्यादा है, जबकि कुछ फ्लाइट्स का किराया 80,000 रुपए तक हैं। दरअसल इंडिगो शुक्रवार को लगातार चौथे दिन क्रू मेंबर्स की कमी से जूझ रही है। इसके कारण दिल्ली, बेंगलुरु, पुणे, हैदराबाद सहित कई एयरपोर्ट पर 1000 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल हो गईं। यात्री 24-24 घंटे से फ्लाइट का इंतजार कर रहे हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्री पानी, खाना और जरूरी सामानों के लिए स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों से बहस करते और झगड़ा करते देखे गए।
इंडिगो को नए नियमों से राहत, सरकार ने हाईलेवल कमेटी बनाई
केंद्र सरकार ने एयरलाइंस, खासकर इंडिगो को फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (एफडीटीएल) के नए नियमों से आशिंक राहत दी है। सरकार ने अपना वह आदेश तत्काल वापस ले लिया है, जिसके तहत पायलटों समेत अन्य क्रू को हर सप्ताह लगातार 48 घंटे का वीकली रेस्ट देना अनिवार्य किया गया था।
नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू ने बताया कि सरकार ने इस पूरे घटनाक्रम पर उच्चस्तरीय जांच के भी आदेश दिए हैं, ताकि इस संकट के कारण और जिम्मेदारी तय की जा सके। उन्होंने कहा कि अगले तीन दिनों में इंडिगो की उड़ानें पूरी तरह सामान्य हो जाएंगी।
इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने कहा कि इंडिगो की फ्लाइट्स रद्द होने और देरी से चलने के लिए हम सभी से माफी मांगते हैं। पूरा सिस्टम रिबूट हो रहा है। हालात सामान्य होने में वक्त लगेगा। 10 से 15 दिसंबर तक हालात सामान्य हो सकेंगे। पिछलें कुछ दिनों में ज्यादा दिक्कतें आई हैं। आज 1 हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द हुई हैं।'
डीजीसीए के वो नए नियम, जिससे इंडिगो में स्टाफ क्राइसिस हुई
डीजीसीए ने 1 नवंबर से पायलटों और अन्य क्रू मेंबर्स के काम से जुड़े नियमों में बदलाव किए हथे। इसे फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (एफडीटीएल) नाम दिया गया है। इन्हें दो चरणों में लागू किया गया। पहला चरण 1 जुलाई को लागू हुआ। वहीं 1 नवंबर से दूसरा चरण लागू हुआ। नए नियमों में यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए पायलटों और क्रू को पर्याप्त आराम देने पर जोर दिया गया है। इस कारण एयरलाइन कंपनियों के पास पायलटों और क्रू मेंबर्स की अचानक कमी पड़ गई है। डीजीसीए ने बताया कि नवंबर में इंडिगो की कुल 1,232 उड़ानें कैंसिल की गईं, जिनमें एफडीटीएल नियमों के कारण 755 उड़ानें शामिल हैं।