Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 ओनर बोला- हादसे से दुखी हूं, कंपनी पीड़ितों की हर मदद को तैयार
पणजी। गोवा के नाइट क्लब में रविवार रात आग लगने से हुई 25 लोगों की मौत के बाद पुलिस ने क्लब चेन पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। गोवा पुलिस ने क्लब के मालिकों गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है।
आरोप है कि बिना जरूरी दस्तावेजों और लाइसेंस के क्लब चलाया जा रहा था। इधर, सोमवार को मामले में पांचवी गिरफ्तारी की गई। दिल्ली से क्लब के ऑपरेशन मैनेजर भरत सिंह को गिरफ्तार किया गया।

इससे पहले पुलिस ने क्लब के चीफ जनरल मैनेजर राजीव मोडक, जनरल मैनेजर विवेक सिंह, बार मैनेजर राजीव सिंघानिया और गेट मैनेजर रियांशु ठाकुर को गिरफ्तार किया था। वहीं, इंस्टाग्राम पर चेन के मालिक सौरभ लूथरा ने हादसे पर दुख जताया और कहा कि पीड़ितों की हर मदद के लिए तैयार हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों को 6 दिन की रिमांड पर भेज दिया गया है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा है कि शुरुआती जांच में इलेक्ट्रिक पटाखे से आग लगने की बात सामने आई है। दरअसल, पणजी से 25 किमी दूर अरपोरा में बर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब में 6 दिसंबर की रात आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई थी। मरने वालों में नाइट क्लब के 20 कर्मचारी और 5 टूरिस्ट शामिल हैं।

कजाकिस्तान की डांसर बोलीं- मुझे इंडियन गॉड ने बचाया
हादसे के वक्त क्लब में वीकेंड पार्टी चल रही थी। इस बची कजाकिस्तान की बेली डांसर क्रिस्टीना फ्लोर पर आईं। उनकी एंट्री के वक्त इलेक्ट्रिक पटाखे जले। इन्हीं से पार्टी हॉल की सीलिंग में आग लगी। क्रिस्टीना का डांस वीडियो वायरल होने के बाद आग लगने की संभावित वजह सामने आई। इस हादसे के बाद क्रिस्टीना ने मीडिया को बताया कि किसी ने उन्हें धक्का देकर बेसमेंट में जाने से रोक दिया था। बेली डांसर क्रिस्टीना ने कहा कि वे अपनी जान बचाने के लिए इंडियन गॉड का शुक्रिया करती हैं। उनकी पूरी टीम आग वाली जगह से निकलने में कामयाब रही।

ओनर ने इंस्टाग्राम पर लिखा- हादसे से दुखी हूं
हादसे के बाद इंस्टाग्राम पर रोमियो लेन के मालिक सौरभ लूथरा की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। ओनर ने इंस्टाग्राम पर लिखा- मैनेजमेंट ने बहुत दुख जताया है और बर्च में जान-माल की दुखद क्षति से बहुत दुखी है। उन्होंने आगे लिखा कंपनी की तरफ से हर तरह की मदद, सपोर्ट और सहयोग की कोशिश की जाएगी। इस दुख की घड़ी में, मैनेजमेंट मृतकों और घायलों के परिवारों के साथ पूरी तरह से खड़ा है।

मालिकों और इवेंट ऑर्गनाइजर के खिलाफ एफआईआर , 2 प्रॉपर्टी सील
गोवा पुलिस ने मामले की जांच के लिए कई टीमें बनाई हैं, जिनमें से एक सोमवार सुबह दिल्ली पहुंची। इसी टीम ने पांचवें आरोपी भरत कोहली को गिरफ्तार कर लिया है। भरत नाइट क्लब में रोजाना के काम देखता था। मालिकों सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा और इवेंट ऑर्गनाइजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इससे पहले राज्य सरकार ने तीन सीनियर सरकारी अधिकारियों तत्कालीन पंचायत डायरेक्टर सिद्धि तुषार हरलंकर, तत्कालीन गोवा स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड की मेंबर सेक्रेटरी डॉ. शमिला मोंटेइरो और तत्कालीन अरपोरा-नागोआ गांव के पंचायत सेक्रेटरी रघुवीर बागकर को सस्पेंड कर दिया गया है।

किचन से शुरू हुई आग, सीढ़ियों पर मिले शव
गोवा के डीजीपी आलोक कुमार ने बताया कि 25 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। मरने वालों में ज्यादातर क्लब के कर्मचारी थे। डीजीपी ने कहा- आग सबसे पहले ग्राउंड फ्लोर में बनी रसोई से क्लब के दूसरे हिस्सों में फैली। इसलिए सबसे ज्यादा शव किचन एरिया से मिले हैं। भागने की कोशिश में दो लोगों की मौत सीढ़ियों पर हुई।

चश्मदीद बोलीं- लोग ग्राउंड फ्लोर के किचन में फंसे
चश्मदीद फातिमा शेख के मुताबिक, आग लगते ही अंदर जोरदार भगदड़ मच गई। उस समय क्लब में वीकेंड पार्टी चल रही थी और करीब 100 लोग डांस फ्लोर पर थे। जैसे ही धुआं और लपटें दिखीं, कई लोग घबराकर नीचे की ओर भागे और गलती से ग्राउंड फ्लोर के किचन में पहुंच गए। वहां पहले से मौजूद स्टाफ भी फंस गया। फातिमा ने बताया कि बाहर निकलने का रास्ता बहुत संकरा था, जिससे लोग बाहर नहीं निकल पाए। कुछ ही मिनटों में पूरा क्लब आग की लपटों में घिर गया, वहां पाम लीव्स से सजावट की गई थी, जो तुरंत जल गईं। कई लोग जैसे-तैसे बाहर निकले, लेकिन कुछ अंदर ही रह गए।