0 निलंबित आईएएस रानू साहू और जेपी मौर्या की रुकी पदोन्नति
रायपुर। राज्य सरकार ने प्रदेश के 4 आईएएस अफसरों को सचिव पद पर पदोन्नत किया है। वहीं जांच के घेरे में आए विशेष सचिव जयप्रकाश मौर्य की पदोन्नति रोक दी गई है।
पिछले दिनों हुई विभागीय पदोन्नति समिति को बैठक में वर्ष 2010 बैच के अफसर सारांश मित्तर, पीएस एल्मा, रमेश कुमार शर्मा और धर्मेश कुमार साहू के पदोन्नति प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई। वहीं निलंबित होने की वजह से रानू साहू का प्रमोशन रोक दिया गया है। उनके पति जेपी मौर्या का प्रमोशन भी सरकार ने रोक दिया है।
साथ ही आईएएस कार्तिकेय गोयल जो केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत हैं, उन्हें आईएएस सारांश मित्तर अधिसमय वेतनमान में पदोन्नति दी गई है।
दूसरी तरफ राजधानी में पुलिस कमिश्नर की पदस्थापना के साथ ही एसपी और आईजी स्तर के अफसरों के तबादले किए जा सकते हैं। रायपुर में 23 जनवरी से पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू हो रही है। वहीं प्रदेश के तीन और रिटायर्ड आईपीएस अफसरों ने संविदा नियुक्ति के लिए आवेदन किया है। इनमें कुछ दिन पहले डीआईजी पद से रिटायर हुए कमलोचन कश्यप ने संविदा नियुक्ति के लिए आवेदन दिया है। एसपी पद से रिटायर एसआर भगत और जेआर ठाकुर ने भी संविदा नियुक्ति के लिए आवेदन दिया है। तीनों अफसरों के आवेदन पर विचार किया जा रहा है।