0 गृह विभाग ने जारी किए आदेश
0 डॉ. आनंद छाबड़ा को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक बनाया गया
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 18 अधिकारियों की पदोन्नति को लेकर महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। 2001 बैच के डॉ. आनंद छाबड़ा को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक बनाया गया है।
राज्य कैडर के आईपीएस अधिकारी डॉ. आनंद छाबड़ा (भापुसे–2001) को 25 वर्ष की सेवा पूर्ण करने के उपरांत अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के पद पर पदोन्नत किया गया है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय से इस संबंध में 6 जनवरी 2026 को स्वीकृति प्राप्त हुई थी।
इसी प्रकार 2008 बैच के 2 आईपीएस अधिकारी प्रशांत कुमार अग्रवाल व मिलना कुर्रे को पुलिस महानिरीक्षक पद पर पदोन्नति दी गई है। आदेश में यह भी उल्लेख है कि प्रशांत कुमार अग्रवाल को भविष्य में मिड करियर प्रशिक्षण के फेज-4 में अनिवार्य रूप से भाग लेना होगा। पदोन्नत अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश पृथक से जारी किए जाएंगे।
इसके अलावा केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत वर्ष 2008 बैच की आईपीएस अधिकारी नीथू कमल को 1 जनवरी 2026 से पुलिस महानिरीक्षक वेतनमान में प्रोफार्मा पदोन्नति दी गई है। साथ ही केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर ही कार्यरत दावुलुरी श्रवण को भी समान तिथि से आईजी वेतनमान में प्रोफार्मा पदोन्नति प्रदान की गई है।
इसके अलावा 2012 बैच के 8 आईपीएस अधिकारी विवेक शुक्ला, रजनेश सिंह, शशि मोहन सिंह, राजेश कुकरेजा, श्वेता राजमणी, राजेश कुमार अग्रवाल, विजय अग्रवाल व रामकृष्ण साहू को उप पुलिस महानिरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया है। इन पदों पर पदोन्नति के लिए भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा 6 जनवरी एवं 9 जनवरी 2026 को स्वीकृति प्रदान की गई थी।
इसके साथ ही 2013 बैच के 4 आईपीएस अधिकारी डॉ. अभिषेक पल्लव, मोहित गर्ग, भोजराम पटेल व यशपाल सिंह को चयन श्रेणी में पदोन्नति दी गई है। इसके अतिरिक्त, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत आईपीएस अधिकारी जितेंद्र शुक्ला (भापुसे–2013) को भी चयन श्रेणी में प्रोफार्मा पदोन्नति प्रदान की गई है।




