0 गुरुग्राम में बृजेंद्र सिंह के साथ 1 किमी पैदल चले
0 कहा- एपस्टीन फाइल में पीएम मोदी की हिस्ट्री
गुरुग्राम। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को गुरुग्राम में पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा में शामिल हुए। वह खांडसा चौक से एसडी स्कूल तक एक किलोमीटर पैदल चले। यहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया।
राहुल गांधी ने कहा कि बृजेंद्र की इस यात्रा से हरियाणा को बहुत फायदा होगा, क्योंकि इन्होंने हरियाणा के लोगों की पल्स (नब्स) सुनकर समझी। आप (बृजेंद्र) हजारों किलोमीटर चले। आपकी मेहनत सबने देखी। मेरा पूरा सपोर्ट आपके साथ है। कांग्रेस पार्टी में हमारे जो युवा नेता हैं, उन सबको जनता के बीच में इस तरह की यात्रा करनी चाहिए।"
पीएम नरेंद्र मोदी पर राहुल ने कहा कि आपका सारा डेटा नरेंद्र मोदी ने अमेरिका को पकड़ा दिया। इसके दो कारण हैं, सबसे पहला एपस्टीन फाइल। नरेंद्र मोदी की पूरी हिस्ट्री उस फाइल में है। ट्रंप कहता है कि नरेंद्र मोदी का करियर एक मिनट में खत्म कर दूंगा। दूसरा कारण अडाणी है। अमेरिका में इसके ऊपर क्रिमिनल केस है। ये केस अडाणी पर नहीं है, ये नरेंद्र मोदी पर है। मोदी और अडाणी एक हैं। कंपनी का नाम अडाणी है, लेकिन नाम मुदाणी होना चाहिए।
वहीं बृजेंद्र सिंह ने कहा कि यह यात्रा हमने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर शुरू की है। हम 2700 किलोमीटर पैदल चल चुके हैं। अभी पांच हलके बाकी हैं। राहुल गांधी के आने से ये यात्रा आज पूर्ण हो चुकी है।
बृजेंद्र सिंह हरियाणा की जनता के बीच गए
राहुल गांधी ने कहा कि कुछ साल पहले हमने कन्याकुमारी से कश्मीर तक यात्रा की थी। 4000 किलोमीटर तक हम चले और हमारे साथ लाखों लोग चले थे। एक नारा था, 'नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोली'। यह नारा हमारा नारा नहीं था, यह नारा भीड़ से आया था। बृजेंद्र सिंह ने उसी प्रकार हरियाणा में यह यात्रा की, जनता के बीच में गए और हरियाणा की सड़कों पर चले। आपको इस यात्रा से बहुत फायदा होगा।
हरियाणा में भाजपा ने चुनाव चोरी किया
राहुल ने कहा- यहां (हरियाणा) का चुनाव बीजेपी ने चोरी किया। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, बंगाल, असम में इन्होंने चुनाव चोरी करने का सिस्टम बना लिया। लाखों नाम काट देते हैं, नए नाम जोड़ देते हैं। आयोग इनके कंट्रोल में है, ये सोचते हैं कि हम सब कर लेंगे। हरियाणा में सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी का मुद्दा है। युवाओं को डिग्री मिल जाती है, लेकिन रोजगार नहीं मिलता है। छोटी इंडस्ट्री बंद हो रही हैं।
लिखकर ले लो- कांग्रेस मोदी को हराएगी
उन्होंने आखिर में कहा- मैंने यूएस डील पर लोकसभा में भाषण दिया, अमित शाह ने चार घंटे मुझे बोलने नहीं दिया। मोदी लोकसभा से भाग गए, वह आंख से आंख नहीं मिला सके। अडाणी इनकी पूरी मार्केटिंग करता है। इनके पास ईडी है, सीबीआई है, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट है। आप लिखकर ले लो, कांग्रेस पार्टी नरेंद्र मोदी को हराएगी, फिर देखना हम नरेंद्र मोदी के खिलाफ क्या कार्रवाई करते हैं।