0 दिल्ली में बारिश से 11 फ्लाइट डायवर्ट, मप्र में आंधी-बारिश
0 अगले 2-3 दिनों में इसके गोवा, महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु तक पहुंचने की संभावना
तिरुवनंतपुरम/भोपाल/जयपुर/लखनऊ/शिमला/देहरादून। आखिरकार 3 दिन देर से दक्षिण-पश्चिम मानसून गुरुवार को केरलम पहुंच गया। अगले 2-3 दिनों में इसके गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु तक पहुंचने की संभावना है। मानसून पूर्वोत्तर राज्यों और बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में भी आगे बढ़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में अगले 7 दिनों के दौरान कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, मध्यप्रदेश में आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई।
इधर जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले के बटोही इलाके में गुरुवार को बादल फट गया। इसके बाद इलाके में बाढ़ जैसे हालात बन गए। पानी और मलबा रिहायशी क्षेत्र में घुस गया, जिससे कई घरों को नुकसान पहुंचा। प्रशासन और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। पहाड़ी ढलानों के पास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। फिलहाल किसी के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है।
दूसरी ओर दिल्ली एनसीआर में भी तेज आंधी चली। कई जगह गाड़ियों के ऊपर पेड़ गिर गए। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर खराब मौसम के कारण 11 उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा।
तीन दिन देरी से पहुंचा है मानसून
इस साल मानसून केरल में सामान्य से 3 दिन देर से पहुंचा है। आमतौर पर यह 1 जून को केरल पहुंचता है। इसके बाद करीब डेढ़ महीने में पूरे देश को कवर कर लेता है। मानसून की वापसी आमतौर पर 17 सितंबर के आसपास राजस्थान से शुरू होती है और 15 अक्टूबर तक पूरी हो जाती है।
मप्र और दिल्ली-एनसीआर में बारिश
मध्य प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार शाम को तेज बारिश हुई। इस दौरान 70 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी चली। 200 से ज्यादा जगहों पर पेड़ की टहनियां टूट कर गिर गई है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार दोपहर को अंधेरा छा गया। फिल्म सिटी में आंधी के बाद कई पेड़ टूटकर कारों पर गिर गए। सड़कों पर पानी भरने से ट्रैफिक जाम लग गया।
24 राज्यों में अलर्ट, केरलम में 11-20 सेमी तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग (आईएमडी) ने ओडिशा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और तेलंगाना समेत 24 राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं की संभावना जताई है। वहीं राजस्थान, हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बारिश, ओले गिरने और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में भी दो दिन के लिए यलो अलर्ट है।
क्यूम्युलोनिम्बस क्लाउड्स यहां 50 से 70 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी-बारिश करवा सकते हैं। क्यूम्युलोनिम्बस क्लाउड या सीबी क्लाउड (बादल) मौसम के पावरहाउस माने जाते हैं। तेज आंधी, बिजली और गरज वाले तूफान इन्हीं बादलों के कारण बनते हैं।
कल से केरलम के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश हो रही है, जिसके चलते आईएमडी ने अलप्पुझा, कोट्टायम और एर्नाकुलम जिलों के लिए 3 घंटे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट का मतलब है 11 सेमी से 20 सेमी तक की बहुत भारी बारिश हो सकती है।
देश के कई राज्यों में अभी भी गर्मी कम नहीं हुई है। गुजरात, पश्चिमी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, तमिलनाडु में तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है।