0 मप्र में आंधी-बारिश से 4 लोगों की मौत, राजस्थान समेत 22 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट
0 अगले 3 दिन में मानसून के छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में एंट्री करने की संभावना
भोपाल/जयपुर/लखनऊ/पटना। देश में मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। शुक्रवार को झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में इसकी एंट्री हो गई। हालांकि, महाराष्ट्र में मानसून की रफ्तार अभी धीमी ही है। अगले 3 दिन में मानसून के छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में एंट्री करने की संभावना है। 4 जून को केरलम में दस्तक देने के बाद मानसून 9 दिन में 19 राज्यों तक पहुंच चुका है।
आईएमडी के मुताबिक, गुजरात को छोड़कर बाकी सभी राज्यों में प्री-मानसून एक्टिव है। आज मध्य प्रदेश और राजस्थान समेत 22 राज्यों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। कई जगह 60 किमी/प्रति घंटा तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में आज आंधी-बारिश में एक ही परिवार के 3 लोगों समेत 4 लोगों की मौत हो गई। वहीं बिहार में गुरुवार को 12 जिलों में आंधी-बारिश हुई। बिजली गिरने से 10 लोगों की मौत हो गई। वहीं इधर दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में गुरुवार रात कई इलाकों में 70-80 किमी/प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। इससे तेज गर्मी से राहत मिली।
राजस्थान में चलेगी धूल भरी आंधी, तेलंगाना में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पंजाब समेत 22 राज्यों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में धूल भरी आंधी चल सकती है। महाराष्ट्र से लगे कोंकण और गोवा में मौसम उमस भरा रहेगा। कर्नाटक और केरलम में समुद्र की तरफ से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं तेलंगाना, विदर्भ और आंध्र प्रदेश के समुद्री जिलों में हीटवेव का अलर्ट है। यहां पारा 40 से 45°C के बीच रह सकता है।
अमेरिकी मौसम एजेंसी ने अल नीनो शुरू होने की पुष्टि की
अमेरिकी नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन ने अल नीनो शुरू होने की पुष्टि कर दी है। वैज्ञानिकों के मुताबिक गर्म होते प्रशांत महासागर में अल नीनो बन गया है। अनुमान है कि यह 1997 में शुरू हुए उस रिकॉर्ड अल नीनो के बराबर या उससे भी ज्यादा शक्तिशाली होगा। इस बात की 63% संभावना है कि अल नीनो इस साल के आखिर में इतना तेज हो जाएगा कि यह 1950 के बाद से दर्ज किए गए सबसे बड़े अल नीनो घटनाक्रमों में शामिल हो जाएगा।