0 5 दिनों तक आंधी-बरसात का अलर्ट
0 मानसून 18 से 20 जून तक दक्षिण छत्तीसगढ़ में प्रवेश करने की संभावना
रायपुर। रायपुर में गुरुवार रात 8 बजे से गरज-चमक के साथ करीब आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। प्री-मानसून इस बारिश होने से दिनभर गर्मी व उमस से राजधानीवासियों को राहत मिली। छत्तीसगढ़ में मानसून सामान्यतः हर साल 10 से 15 जून तक प्रवेश करता है, लेकिन इस साल अभी तक प्रदेश में प्रवेश नहीं किया है। मौसम विभाग के मुताबिक इस बार मानसून 18 से 20 जून तक दक्षिण छत्तीसगढ़ में प्रवेश करने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार ऐसी स्थिति अगले पांच दिनों तक बनी रह सकती है। साथ ही दक्षिण-पश्चिम मानसून के छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। बारिश की गतिविधियां बढ़ने से प्रदेश में गर्मी से राहत मिलने लगी है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया।
कल देर रात बारिश व बिजली गिरने से 40 पशुओं की मौत
वहीं धमतरी जिले में बुधवार देर रात तेज गरज-चमक के साथ हुई बारिश होने व बिजली गिरने से 40 पशुओं की मौत हो गई। मामला मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम डूमरपाली का है। मृतकों में 39 भेड़ें और एक बकरा शामिल हैं। इस घटना से पशुपालक को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।