0 वॉर्मअप मैच में श्रीलंका को 6 विकेट से हराया
0 चोट से रिकवर हुए गिल के 44 रन
कोलंबो। भारत ने टेस्ट सीरीज से पहले वॉर्मअप मैच में श्रीलंका-11 को 6 विकेट से हरा दिया। मोहम्मद सिराज ने आखिरी ओवर की लगातार तीन छक्के लगाकर टीम इंडिया को जीत दिलाई।
कोलंबो में मैच के आखिरी दिन रविवार का खेल समाप्त होने से पहले भारत को जीत के लिए 16 रन चाहिए थे। ऐसे में सिराज ने केशरा नुवंथा के ओवर की शुरुआती तीन बॉल पर लगातार तीन छक्के लगाए। हालांकि, भारत की जीत के बाद भी खेल जारी रहा।
उंगली की चोट से लौट रहे कप्तान शुभमन गिल ने 44 रन की पारी खेली। उन्होंने यशस्वी जायसवाल के साथ 105 रन की साझेदारी की।
भारत को 207 रन का टारगेट मिला था। उसने दिन का खेल शुरु होने से पहले ही पहली पारी 357/6 के स्कोर पर घोषित की। फिर श्रीलंका क्रिकेट इलेवन ने अपनी दूसरी पारी 200/6 के स्कोर पर घोषित की। श्रीलंका-इलेवन ने पहली पारी में 363/8 का स्कोर बनाया था।
भारत मैच जीतने के बाद भी क्यों खेला?
भारत के मैच जीतने के बाद भी खेल जारी रहा। अंपायर्स ने केशरा नुवंथा का ओवर पूरा कराया। सिराज ने ओवर की बची तीनों गेंद खेलीं। दरअसल प्रैक्टिस मैच का रिजल्ट सीरीज या टूर्नामेंट की जीत-हार में नहीं जुड़ता। मैच का मकसद खिलाड़ियों को मैदान, पिच के लिहाज से तैयार कराना है। इसमें टीम अपनी प्लेइंग-11 में स्क्वाड में शामिल सभी 15 खिलाड़ियों को खिला सकती है। अगर टीम चाहे तो मैच जीतने के बाद भी वह पूरे तय ओवर तक बैटिंग खेल सकती है।
नेट सेशन के दौरान गिल को चोट लगी थी
वॉर्मअप मैच शुरू होने से एक दिन पहले गुरुवार को ट्रेनिंग के दौरान गिल की उंगली में चोट लगी थी। इसके बाद वे मैच के पहले दो दिन मैदान पर नहीं उतरे थे। उनकी गैरमौजूदगी में केएल राहुल ने कप्तानी की। बीसीसीआई ने अपने बयान में कहा था- ‘एहतियात के तौर पर गिल श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ अभ्यास मैच के पहले दिन मैदान पर नहीं उतरेंगे।’
जडेजा और बरार ने 2-2 विकेट लिए
श्रीलंका-इलेवन ने दूसरी पारी में 45 ओवर में 6 विकेट पर 200 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। निशान फर्नांडो ने 63 रन बनाए, जबकि निपुन धनंजया ने 46 और अंजला बंडारा ने 35 रन का योगदान दिया। रमेश मेंडिस 16 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से रवींद्र जडेजा और गुरनूर बरार ने 2-2 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को एक-एक विकेट मिला।
पडिक्कल ने नाबाद 142 रन बनाए
भारत ने पहली पारी में 90 ओवर में 6 विकेट पर 357 रन बनाकर पारी घोषित की। देवदत्त पडिक्कल ने 142 रन की नाबाद पारी खेली। रवींद्र जडेजा ने 63, केएल राहुल ने 40, मानव सुथार ने 41 और गुनूर बरार ने नाबाद 36 रन बनाए। श्रीलंका-इलेवन की ओर से रमेश मेंडिस और असंका मनोज ने 2-2 विकेट लिए, जबकि विश्वा फर्नांडो और केशारा नुवान्था को एक-एक सफलता मिली।
बुमराह और सुंदर पहले ही बाहर
अगले सप्ताह गॉल में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप अभियान फिर शुरू होने से पहले भारत को कई चोटों का सामना करना पड़ा है। जसप्रीत बुमराह और वॉशिंगटन सुंदर चोटों के कारण बाहर हो चुके हैं।