Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 रायपुर संभाग स्तरीय प्रबुद्ध जन सम्मान एवं कार्यकर्ता सम्मेलन 
0 सीएम साय ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
0 कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले- भ्रष्टाचार करना कांग्रेस की संस्कृति
 
रायपुर। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा की ओर से पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में रायपुर संभाग स्तरीय प्रबुद्ध जन सम्मान एवं कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ओबीसी समाज की भूमिका और सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। सीएम साय ने पिछली कांग्रेस सरकार पर घोटाले और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। साथ ही नक्सलवाद के खिलाफ अपनी सरकार की कार्रवाई को ढाई साल के कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ओबीसी समाज की बड़ी आबादी का उल्लेख करते हुए समाज के योगदान और हुनर की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ बनाने के लक्ष्य के साथ काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ओबीसी समाज अपने हुनर के जरिए बेहतर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में नए भारत के निर्माण की दिशा में काम हुआ है और देश लगातार आगे बढ़ रहा है।
पाकिस्तान का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अब देश में घुसकर मारने वाला देश बन गया है। उन्होंने दावा किया कि भारत की मजबूत कार्रवाई के बाद पाकिस्तान की गीदड़ भभकियां बंद हो गई हैं।

नक्सलवाद को लेकर कांग्रेस पर हमला
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई को ढाई साल की सरकार का सबसे बड़ा काम बताया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य नक्सलवाद को खत्म करना है। सीएम साय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकार ने नक्सलवाद खत्म करने के प्रयासों में सहयोग नहीं किया। उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार और घोटालों को लेकर भी निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान लगातार घोटाले होते रहे और कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार का गढ़ बना दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार करना कांग्रेस की संस्कृति रही है। 

इस सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू समेत भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।