Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0  व्हाट्सएप चैट ने बढ़ाया सस्पेंस 
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित सीजीपीएससी गड़बड़ी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के एडिशनल कलेक्टर चेतन बरघोरिया को जांच एजेंसी ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) में कथित गड़बड़ियों से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में की गई है।
गिरफ्तारी के बाद चेतन बरघोरिया को विशेष अदालत के समक्ष पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 6 दिनों की ईडी रिमांड पर भेज दिया है। अब ईडी रिमांड अवधि के दौरान उनसे मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं को लेकर पूछताछ करेगी।

व्हाट्सएप चैट को बनाया गया रिमांड का आधार
मामले में ईडी की ओर से उत्कर्ष चंद्राकर के साथ चेतन बरघोरिया की व्हाट्सएप चैट मिलने का हवाला दिया गया है। इसी आधार पर पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की गई थी। विशेष अदालत ने ईडी की मांग स्वीकार करते हुए चेतन बरघोरिया को छह दिन की रिमांड पर भेज दिया।

बलरामपुर-रामानुजगंज के एडीएम हैं चेतन बरघोरिया
ईडी ने जिस अधिकारी को गिरफ्तार किया है, वह बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में एडिशनल कलेक्टर के पद पर पदस्थ हैं। अधिकारियों के मुताबिक, उनकी गिरफ्तारी सीजीपीएससी में कथित गड़बड़ियों से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर की गई है।

6 दिन की रिमांड में ईडी करेगी पूछताछ
अदालत से रिमांड मिलने के बाद अब ईडी चेतन बरघोरिया से मामले को लेकर विस्तृत पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी कथित सीजीपीएससी गड़बड़ी से जुड़े संपर्कों, लेन-देन और सामने आए डिजिटल साक्ष्यों के संबंध में जानकारी जुटा सकती है। सीजीपीएससी से जुड़ी कथित गड़बड़ियों की जांच के दौरान ईडी मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू को भी देख रही है। इसी जांच के क्रम में यह गिरफ्तारी सामने आई है।