0 नीरू ढांडा ने ट्रैप शूटिंग में और महिला टीम ने 4x400 मीटर रिले रेस में जीता स्वर्ण
0 गुलवीर ने 5000 मीटर रेस में कांस्य जीतकर पदक की लगाई हैट्रिक
0 भारत पदक तालिका में 53 मेडल के साथ 10वें स्थान पर पहुंचा
नगोया(जापान)। एशियन गेम्स के 10वें दिन मंगलवार को भारत ने दो स्वर्ण समेत 8 मेडल जीते। भारतीय निशानेबाज नीरू ढांडा ने एशियाई खेलों में मंगलवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। वहीं 4x400 मीटर महिला रिले रेस में भारत को एक ही दिन दूसरा स्वर्ण पदक मिला। भारतीय महिला टीम ने 3 मिनट 29.69 सेकेंड में रेस पूरी की। वहीं गुलवीर सिंह ने 5000 मीटर रेस में कांस्य जीतकर पदक की हैट्रिक लगाई। इससे पहले वे 10 हजार और 1500 मीटर में सिल्वर जीत चुके हैं। वे मेडल की हैट्रिक करने वाले पहले भारतीय पुरुष धावक बने। इसके साथ ही एशियन गेम्स में भारत को 6 स्वर्ण पदक मिल गए हैं। इस तरह भारतीय टीम के कुल मेडल 53 हो गए हैं और मेडल टेबल में 10वें स्थान पर है।
नीरू ढांडा ने महिला ट्रैप शूटिंग में गोल्ड जीता। 10 दिन पहले फ्लू की वजह से अस्पताल में भर्ती रहीं नीरू इस इवेंट में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। आज यहां फाइनल में नीरू ढांडा ने महिलाओं की ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा में 28 का स्कोर करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। यह उनका इन खेलों में दूसरा पदक है। इससे पहले दिन में सुबह के सत्र में उन्होंने महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता था। उन्होंने दूसरे राउंड में सिर्फ एक बार शॉट मिस किया, और उसके बाद भी केवल एक बार ही चूकीं, तब तक वह अपने शानदार शॉट्स के दम पर गोल्ड मेडल लगभग जीत चुकी थीं। चीन की सन युनोंग 26 के स्कोर के साथ रजत पदक जीता। कुवैत की हाजर अब्दुलमलिक को 21 स्कोर पर कांस्य पदक मिला। इससे पहले दिन में नीरू ढांडा, आशीमा अहलावत और मनीषा कीर ने महिलाओं के ट्रैप टीम स्पर्धा में 328 अंकों के साथ रजत पदक जीता। चीन ने 346 अंक के साथ स्वर्ण और कुवैत ने 325 अंक के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।
नीरू ढांडा क्वालिफिकेशन राउंड में 118 अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर रहीं और व्यक्तिगत फाइनल के लिए क्वालिफ़ाई किया था। आशीमा अहलावत और मनीषा कीर क्रमशः 106 और 104 अंक ही बना पाईं और फाइनल में जगह नहीं बना सकीं।
भारत को शूटिंग में दूसरा गोल्ड
भारत को आज व्यक्तिगत स्पर्धा का पहला गोल्ड मिला। नीरू ने गोल्ड जीता। इससे पहले इस गेम्स का पहला गोल्ड पिस्टल शूटिंग के मिक्स्ड इवेंट में आया। शूटिंग में 8 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल मिल चुके हैं। इस इवेंट में अब तक 14 मेडल आ चुके हैं।
महिलाओं की 4x400 मीटर रिले में गोल्ड है खास
भारत की किरण पहल, मचेत्तिरा राजू पूवम्मा, प्राची चौधरी और विथ्या रामराज ने महिलाओं की 4x400 मीटर रिले में गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने फ़ाइनल में 3:29.69 का समय लिया। बहरीन ने 3:30.21 के समय के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि चीन ने 3:31.02 के समय के साथ ब्रॉन्ज़ मेडल हासिल किया। आइची-नागोया 2026 में एथलेटिक्स में भारत का यह पहला गोल्ड मेडल है।
भारत के लिए महिलाओं की 4x400 मीटर रिले का गोल्ड बेहद अहम रहा। इस गोल्ड के बिना भारत के लिए 1994 के बाद यह पहला एशियन गेम्स होता, जिसमें एथलेटिक्स में कोई गोल्ड नहीं मिलता। इस जीत को इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि भारत की सबसे सफल एथलेटिक्स टीम ने यह उपलब्धि हासिल की। पीटी उषा और उनकी 400 मीटर रिले टीम ने 1980 और 1990 के दशक में एशियन स्तर पर भारत की एथलेटिक्स पहचान मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई थी। अब वित्या रामराज और उनकी टीम ने उसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए एची-नागोया गेम्स में भारत को यादगार गोल्ड दिलाया। वित्या के लिए यह जीत और खास रही। उन्होंने एक दिन पहले ही 400 मीटर हर्डल्स में पीटी उषा का रिकॉर्ड तोड़ा था और कहा था कि एक और मेडल आएगा। अगले ही दिन उन्होंने 4x400 मीटर रिले में गोल्ड जीतकर अपना तीसरा मेडल हासिल किया।
4x100 मीटर मिक्स्ड रिले में ब्रॉन्ज
भारत ने 4x100 मीटर मिक्स्ड रिले में 41.06 सेकेंड के साथ ब्रॉन्ज जीता। चीन 40.78 सेकेंड के साथ गोल्ड और थाईलैंड 40.87 सेकेंड के साथ सिल्वर रहा। गुरिंदरवीर सिंह ने भारत को तेज शुरुआत दिलाई, स्नेहा ने लय बनाए रखी। अनिमेष को थाईलैंड के बूनसन ने पीछे छोड़ा, लेकिन आखिरी लेग में हरिता ने बेहतरीन दौड़ लगाकर भारत को पोडियम तक पहुंचाया।
महिला हाई जंप में पूजा को ब्रॉन्ज
पूजा ने महिला हाई जंप में ब्रॉन्ज जीता। उन्होंने 1.84 मीटर की ऊंचाई पार की। 1.87 मीटर पर उनके तीनों प्रयास असफल रहे।
पुरुष 4x400 मीटर रिले में भी ब्रॉन्ज
महिला टीम के गोल्ड के बाद पुरुष टीम गोल्ड की उम्मीद लेकर उतरी, लेकिन ब्रॉन्ज जीत सकी। जापान ने गोल्ड और कतर ने सिल्वर जीता। भारत के लिए मनु टी. और विशाल टीके ने दूसरे और चौथे लेग में मजबूत प्रदर्शन किया, लेकिन टीम जापान और कतर की बराबरी नहीं कर सकी। भारतीय टीम में धर्मवीर चौधरी, मनु टी., जय कुमार और विशाल टीके शामिल थे।
देव मीणा ने नेशनल रिकॉर्ड बनाया
पुरुष पोल वॉल्ट में देव कुमार मीणा ने 5.50 मीटर की छलांग लगाकर अपना ही नेशनल रिकॉर्ड बेहतर किया, लेकिन वह सातवें स्थान पर रहे। कुलदीप कुमार 5.35 मीटर के साथ 10वें स्थान पर रहे।
बॉक्सिंग में दो फाइनल, नरेंद्र को ब्रॉन्ज
महिला 65 किग्रा में परवीन ने चीन की ली शु को 5-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। अब उनका मुकाबला चाइनीज ताइपे की चेन निएन-चिन से होगा। वहीं पुरुष 80 किग्रा में अंकुश पंघाल ने उज्बेकिस्तान के फजलीद्दीन एर्किनबोएव को 4-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। अंकुश ने निर्णायक तीसरा राउंड 5-0 से जीता। पुरुष +90 किग्रा सेमीफाइनल में नरेंद्र को कजाकिस्तान के आइबेक ओरलबाय ने सर्वसम्मत फैसले से हराया। नरेंद्र को ब्रॉन्ज मिला।