Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

आगरा। आगरा के थाना शाहगंज के वायु विहार में बीएसएफ जवान के घर में लूट में पुलिस ने शुक्रवार रात को चार बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिए। बदमाशों ने पुलिस के घेरने पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। इसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि एसओजी और स्वाट टीम के साथ शाहगंज पुलिस को वायु विहार में बीएसएफ जवान के घर में हुई लूट के खुलासे के लिए लगाया गया था। शुक्रवार रात को सूचना मिली कि गैंग वायु विहार क्षेत्र में एक और वारदात को अंजाम देने वाला है। इस पर पुलिस टीम पहुंच गई। बदमाशों की घेराबंदी कर ली गई। उनसे आत्मसमर्पण के लिए कहा गया। मगर, वो भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग करने लगे।

पुलिस ने अपना बचाव करते हुए जवाब में गोलियां चलाईं। इसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई। उन्होंने अपने नाम इरशाद और निजाम बताए। दोनों फिराजाबाद के रामगढ़ स्थित अब्बास नगर के रहने वाले हैं। उन्हें अस्पताल के लिए भेजा गया। वहीं उनके साथी फिरोजाबाद निवासी संजू और बाबा उर्फ अजमेरुद्दीन भाग गए थे। बाद में घेराबंदी करके उन्हें भी पकड़ लिया गया। उनके पास से एक बाइक, तीन तमंचे, कारतूस बरामद किए गए। आरोपियों पर छह से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।