Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

नई दिल्ली। पेट्रोल-डीजल के दाम में केंद्र सरकार ने बड़ी कटौती की है। पेट्रोल पर आठ रुपये तो डीजल पर छह रुपये एक्साइज ड्यूटी कम की गई है। अब सरकार के इस फैसले को लेकर विपक्ष हमलावर है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम में सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, केंद्र ने राज्यों को आगे कुआं, पीछे खाई जैसी स्थिति में छोड़ दिया है। उन्होंने आश्चर्य जताते हुए कहा कि क्या राज्य सरकारें पेट्रोल और डीजल के वैट के राजस्व को छोड़ सकते हैं, जब तक केंद्र उन्हें अधिक धन या अनुदान नहीं देता है? उन्होंने कहा राज्य असमंजस की स्थिति में हैं। 

पूर्व वित्त मंत्री ने ट्वीट किया, पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कमी की अधिसूचना अब उपलब्ध है। वित्त मंत्री ने 'एक्साइज ड्यूटी' शब्द का इस्तेमाल किया, लेकिन कमी अतिरिक्त एक्साइज ड्यूटी में की है, जिसे राज्यों के साथ साझा नहीं किया जाता है। चिदंबरम ने कहा, राज्यों को पेट्रोल-डीजल पर लगने वाली ड्यूटी का बहुत कम हिस्सा मिल रहा है। उनका राजस्व वैट के माध्यम से आता है। 

वित्त मंत्री का आह्वान व्यर्थ 
दरअसल, कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री ने राज्य सरकारों अपील की थी कि वे वैट घटाकर राज्य की जनता को राहत दें। पेट्रोल डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाने के बाद वित्त मंत्री ने भी यही आह्वान किया। इस पर पी चिदंबरम ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, दो महीने में 10 रुपये प्रति लीटर बढ़ाएं और पेट्रोल पर 9.50 रुपये प्रति लीटर व डीजल पर 7 रुपये प्रति लीटर की कटौती करें। यह अधिक लूटने और बाद में कम भुगतान करने के बराबर है।

उन्होंने कहा, राज्यों से किया गया वित्त मंत्री का आह्वान व्यर्थ है। जब वह केंद्रीय उत्पाद शुल्क में एक रुपये की कटौती करती हैं, तो उस रुपये का 41 पैसा राज्यों का होता है इसका मतलब है कि केंद्र ने 59 पैसे और राज्यों ने 41 पैसे की कटौती की है। इसलिए उंगली मत उठाइए। उन्होंने कहा असली कटौती तब होगी जब केंद्र पेट्रोल और डीजल पर लगने वाले उपकर में कटौती करे, जो राज्यों के साथ साझा नहीं किया जाता है। 

कल घटाई गई थी एक्साइज ड्यूटी
पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों का सामना कर रहे देश के नागरिकों को केंद्र सरकार ने शनिवार को बड़ी राहत देने का एलान किया था। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि हम पेट्रोल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क (एक्साइज ड्यूटी) को आठ रुपये और डीजल पर छह रुपये कम कर रहे हैं। इससे पेट्रोल की कीमत 9.5 रुपये प्रति लीटर और डीजल के भाव में सात रुपये प्रति लीटर तक कम हो गए हैं।