लखनऊ। विधानमंडल का बजट सत्र आज शुरू हो गया। सत्र में विपक्ष जहां सरकार को महंगाई, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर घेरेगा, वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि सरकार हर विषय पर चर्चा के लिए तैयार है। जो भी प्रश्न व मुद्दे सही नियम के तहत विधानसभा सचिवालय को प्राप्त होंगे, सरकार हर एक का जवाब देने और उन पर चर्चा करने की पक्षधर है। योगी सरकार 2.0 चुनाव में मिली जीत के साथ केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को बजट सत्र के दौरान सदन में रखकर अपनी आगामी योजनाएं बताएगी।
इसके साथ ही 26 मई को वर्तमान वित्तीय वर्ष का करीब छह लाख करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं, सोमवार को विधानमंडल के संयुक्त सत्र में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल अभिभाषण प्रस्तुत करेगी। राज्यपाल योगी सरकार 1.0 की उपलब्धियों के साथ प्रदेश में बढ़े विकास, रोजगार, निवेश व कानून व्यवस्था में हुए सुधार को प्रमुख रूप से सदन में रखेंगी। 24-25 को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, अब्दुल्ला और आजम खां
राज्यपाल के अभिभाषण के साथ ही बजट सत्र शुरू होने के बाद सपा तमाम मुद्दों पर भाजपा को घेरने की कोशिश करते हुए जबरदस्त हंगामा कर रही है। आजम खां बेटे अब्दुल्ला के साथ लखनऊ पहुंचे। सुबह दस बजे विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के दफ्तर में विधायक पद की शपथ ली। वहीं शिवपाल यादव, अब्दुल्ला आजम हंगामे में शामिल नहीं है। इसके अलावा दोनो ने लाल टोपी नहीं पहनी और दोनो अपनी सीट पर शांति से बैठे हैं। रालोद के विधायक के अलावा बसपा के विधायक और एमएलसी भी प्रदर्शन कर रहे हैं।