टोक्यो। सभी देशों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्रों में शांति स्थापित करने के लिए दृढ़ संकल्प लिया।पीएम मोदी ने कहा कि 'क्वाड' के स्तर पर हमारे आपसी सहयोग से मुक्त, खुले और समावेशी 'इंडो पैसिफिक क्षेत्र' को प्रोत्साहन मिल रहा है। जो हम सभी का साझा उद्देश्य है। अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन जहां रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर पुतिन पर बरसे तो ऑस्ट्रेलियाई के नए पीएम एंथनी अल्बानीज ने कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने पर बात की।
पीएम मोदी ने छात्रों को 'क्वाड' फेलोशिप कार्यक्रम में भाग लेने के लिए कहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं अपने छात्रों को 'क्वाड' फेलोशिप कार्यक्रम के लिए आवेदन करने और मानवता के बेहतर भविष्य का निर्माण करने वाले STEM नेताओं और नवप्रवर्तकों की अगली पीढ़ी में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करता हूं।
क्वाड की बैठक में चीन पर निशाना
टोक्यो में चल रही क्वाड देशों की बैठक में हिंद-प्रशांत क्षेत्रों में शांति स्थापित करने को लेकर चर्चा हुई। इस बैठक में चीन की तानाशाही पर कैसे ब्रेक लगे उसपर भी चर्चा की गई। चीन द्वारा उसके पड़ोसी देशों को परेशान करने के मुद्दे भी उठाए गए।
पुतिन पर जमकर बरसे बाइडन
रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन काफी नाराज नजर आए। उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को जमकर खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि पुतिन एक संस्कृति को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। यह केवल यूरोप का मुद्दा नहीं है बल्कि वैश्विक मुद्दा है। रूस ने यूक्रेन पर गेहूं निर्यात करने की पाबंदी लगा दी है जिससे पूरी दुनिया में भोजन संकट पैदा हो सकता है। बाइडन ने पुतिन को चेतावनी देते हुए कहा कि रूस जंग को जितना लंबा खिचेगा हम यूक्रेन की और मदद करेंगे।
क्वाड की बैठक के बीच व्हाइट हाउस ने जारी किया बयान
क्वाड देशों की बैठक के बीच व्हाइट हाउस ने भी आज अपना बयान जारी किया। व्हाइट हाउस ने कहा कि क्वाड के सदस्य देश अंतरिक्ष-आधारित पृथ्वी अवलोकन डेटा के मुक्त, पूर्ण और खुले साझाकरण के लिए अपनी प्रतिबद्धताओं को मजबूत करेंगे। इसके अलावा वे संयुक्त रूप से क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर खुले विज्ञान की अवधारणा को विकसित करके उसे बढ़ावा देंगे। व्हाइट हाउस ने आगे कहा कि टोक्यो शिखर सम्मेलन में, क्वाड नेता एक प्रमुख समुद्री पहल का स्वागत करेंगे। जिसके तहत चारों देश समुद्री डोमेन जागरूकता (आईपीएमडीए) के लिए इंडो-पैसिफिक पार्टनरशिप करेंगे जो कि डार्क शिपिंग की ट्रैकिंग की अनुमति देगा।
मेरी सरकार आपके देशों के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध: ऑस्ट्रेलियाई पीएम
ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बानीज ने कहा कि मेरी सरकार आपके देशों के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। नई ऑस्ट्रेलियाई सरकार जलवायु परिवर्तन पर कार्रवाई करने और आर्थिक, साइबर, ऊर्जा, स्वास्थ्य और पर्यावरण सुरक्षा के माध्यम से एक अधिक लचीला हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण को प्राथमिकता देती है।
2050 तक शुद्ध-शून्य उत्सर्जन के लिए काम करेंगे: एंथनी अल्बानीज
क्वाड समिट के शुरुआती संबोधन में ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बानीज ने कहा कि हम इस बात को स्वीकार करते हुए कार्य करेंगे कि प्रशांत महासागर के द्वीप राष्ट्रों के लिए जलवायु परिवर्तन मुख्य आर्थिक और सुरक्षा चुनौती है। मेरी सरकार 2030 तक उत्सर्जन में 43% की कमी करने का एक नया लक्ष्य निर्धारित करेगी और 2050 तक शुद्ध-शून्य उत्सर्जन के लिए ट्रैक पर लाएगी। उन्होंने कहा कि जैसा कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र ने नया आकार दिया है, क्वाड साझेदारी की अब पहले से कहीं ज्यादा जरूरत है। इस क्षेत्र में खासा ध्यान देने की जरूरत है।
यूक्रेन पर रूसी आक्रमण संयुक्त राष्ट्र चार्टर का उल्लंघन: फूमियो किशिदा
क्वाड लीडर्स समिट में जापान के पीएम फूमियो किशिदा ने कहा कि यूक्रेन पर रूसी आक्रमण संयुक्त राष्ट्र चार्टर में निहित सिद्धांतों को पूरी तरह से चुनौती देता है। उन्होंने कहा कि हमें आसियान, दक्षिण एशिया के साथ-साथ हिंद प्रशांत देशों की आवाजों को ध्यान से सुननी चाहिए, ताकि सहयोग को और आगे बढ़ाया जा सके, जो कि तत्काल मुद्दों को हल करने के लिए अनुकूल हो।
कोरोना की प्रतिकूल स्थिति के बावजूद हमने अपना समन्वय बढ़ाया: पीएम मोदी
क्वाड की बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना की प्रतिकूल स्थिति के बावजूद, हमने वैक्सीन वितरण, जलवायु कार्रवाई, आपूर्ति श्रृंखला लचीलापन, आपदा प्रतिक्रिया, आर्थिक सहयोग और अन्य क्षेत्रों के लिए अपना समन्वय बढ़ाया है। इसने इंडो-पैसिफिक में शांति, समृद्धि और स्थिरता सुनिश्चित की है।
बाइडन ने रूस-यूक्रेन जंग पर चिंता जताई
क्वाड बैठक में पीएम मोदी के बाद बाइडन ने संबोधित किया। उन्होंने रूस-यूक्रेन जंग पर चिंता जताई और कहा कि यह सबसे बड़ा मानव संकट है। उन्होंने कहा कि मानवाधिकारों की रक्षा होनी चाहिए। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि क्वाड के पास भविष्य में बहुत काम है। हिंद-प्रशांत क्षेत्र को शांतिपूर्ण और स्थिर रखने के लिए हमें एकजुट होना होगा।
कोरोना महामारी से निपटने और जलवायु संकट को दूर करने के लिए हमें आगे काम करना होगा।बाइडन ने कहा कि इंडो-पैसिफिक में अमेरिका एक मजबूत, स्थिर और स्थायी साझेदार होगा। हम हिंद-प्रशांत की शक्तियां हैं। जब तक रूस युद्ध जारी रखता है, हम भागीदार बने रहेंगे और वैश्विक प्रतिक्रिया का नेतृत्व करेंगे। साझा मूल्यों और विजन के लिए हम साथ हैं।
आपसी सहयोग से प्रोत्साहन मिल रहा है: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने क्वाड में शुरुआती संबोधन में कहा कि थोड़ी ही समय में क्वाड ने अहम जगह बनाई है। आपसी सहयोग से प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि क्वाड की संभावना बहुत व्यापक है। टोक्यो में मित्रों के बीच होना सौभाग्य है। आर्थिक सहयोग से समन्वय बढ़ा है। इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति-सुरक्षा बढ़ रही है। क्वाड की छवि सुदृढ़ होती जा रही है। पीएम मोदी ने कहा कि 'क्वाड' के स्तर पर हमारे आपसी सहयोग से मुक्त, खुले और समावेशी 'इंडो पैसिफिक क्षेत्र' को प्रोत्साहन मिल रहा है। जो हम सभी का साझा उद्देश्य है।
आयोजन स्थल पर पहुंचे बाइडन
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन भी क्वाड समिट के लिए आयोजन स्थल पर पहुंच गए हैं। उनका जापानी पीएम फुमियो किशिदा ने स्वागत किया।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बनीज और जापानी पीएम फुमियो किशिदा क्वाड लीडर्स समिट के लिए अयोजन स्थल पर पहुंचे गए हैं।
कुछ देर में शुरू होगी क्वाड बैठक
जापान की राजधानी टोक्यो में कुछ देर में क्वाड नेताओं की बैठक शुरू होगी। जापानी पीएम फुमियो किशिदा और ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बनीज क्वाड लीडर्स समिट के लिए पहुंचे चुके हैं। आयोजन स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहुंचने पर जापानी पीएम फुमियो किशिदा ने अगवानी की।