Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

रायपुर। कांग्रेस ने रविवार देर रात राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। पार्टी की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव शुक्ला और लोकसभा की पूर्व सांसद रंजीत रंजन को छत्तीसगढ़ से प्रत्याशी बनाया गया है। राजीव शुक्ला उत्तरप्रदेश से आते हैं, वहीं रंजीत रंजन का संबंध बिहार से है। कांग्रेस ने टिकट बंटवारे में राष्ट्रीय समीकरणों को महत्व दिया है। राज्यसभा जाने की दावेदारी कर रहे दर्जन भर से अधिक स्थानीय नेताओं में किसी को मौका नहीं मिला है। इससे स्थानीय नेताओं में निराशा फैल गई है। 

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को पहले ही स्पष्ट हो चुका था कि किसी स्थानीय नेता को इस चुनाव में शायद ही मौका मिले। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम शनिवार को अकेले ही दिल्ली गए थे। वहां केंद्रीय नेतृत्व के सामने अपनी बात रखी। मोहन मरकाम उस बैठक के बाद रविवार को रायपुर लौट आए। वे अपने साथ कोरा बी. फॉर्म अथवा टिकट लाए हैं। इसमें घोषित उम्मीदवारों का नाम भरकर नामांकन पत्र के साथ रिटर्निंग अफसर को दिया जाना। मोहन मरकाम के लौटने के काफी देर बाद पार्टी महासचिव और केंद्रीय चुनाव समिति के प्रभारी मुकुल वासनिक ने 7 राज्यों के लिए 10 पार्टी उम्मीदवारों की सूची जारी की।

इसमें छत्तीसगढ़ के किसी नेता का नाम नहीं था। छत्तीसगढ़ से उच्च सदन में जाने के लिए पार्टी ने राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन को चुना। रंजीत रंजन 10 नेताओं की सूची में एकमात्र महिला उम्मीदवार भी हैं। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की मौजूदा ताकत को देखते हुए दोनोे नेताओं का निर्विरोध राज्यसभा के लिए चुना जाना तय है। नामांकन 31 मई को होगा। वह नामांकन का आखिरी दिन है, ऐसे में उसी दिन विजेताओं की घोषणा भी कर दिया जाना है।

छत्तीसगढ़ से दर्जनभर से अधिक दावेदारों के नाम उभरे थे
कांग्रेस में छत्तीसगढ़ के दर्जन भर से अधिक दावेदार विभिन्न स्तर पर सक्रिय थे। इसमें सतनामी समाज के धर्मगुरु बालदास, शकुन डहरिया, पीआर खुंंटे का नाम था। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सलाहकार विनोद वर्मा, महाधिवक्ता सतीश चंद्र वर्मा, पूर्व विधायक लेखराम साहू, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक और भिलाई की तुलसी साहू का नाम भी प्रमुखता से शामिल बताया जा रहा था। मुख्यमंत्री के संसदीय सलाहकार और कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी, डॉ. राकेश गुप्ता, संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी और खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी का नाम भी दावेदारों की सूची में शामिल था।

अब राज्यसभा में ऐसी होगी तस्वीर
राज्यसभा में छत्तीसगढ़ की पांच सीटे हैं। अभी तक इनमें से दो पर भाजपा और तीन पर कांग्रेस के सांसद थे। 29 जून को भाजपा के रामविचार नेताम और कांग्रेस की छाया वर्मा का कार्यकाल पूरा हो जाएगा। उनकी जगह पर केवल कांग्रेस के दो सांसदों की एंट्री होगी। ऐसे में भाजपा से केवल सरोज पाण्डेय रहेंगी। वहीं कांग्रेस से फूलोदेवी नेताम, केटीएस तुलसी, राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन की जगह बनेगी। कांग्रेस खेमे से अब केवल फूलोदेवी नेताम ही छत्तीसगढ़ मूल की सांसद होंगी। शेष तीन दिल्ली, यूपी और बिहार के राजनीतिज्ञ होंगे।
 

देर रात उम्मीदवारों की यह सूची जारी की गई।