Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उन्हें आशंका है कि स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की तरह उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को भी फ़र्ज़ी मामलों में केंद्र सरकार गिरफ़्तार करवा सकती है।

श्री केजरीवाल ने गुरुवार को यहाँ संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उन्होंने कुछ महीनों पहले ही कहा था कि केंद्र सरकार एक फर्जी मामले में श्री जैन को गिरफ़्तार करने जा रही है। उन्हीं सूत्रों से कल यह पता चला है कि अब श्री सिसोदिया को फर्जी मामले में फंसाए जाने की तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि विश्वस्त सूत्रों ने मुझे बताया है कि श्री सिसोदिया को भी जल्द ही गिरफ़्तार किया जा सकता है। केंद्र ने सभी एजेंसियों को आदेश दिया है कि वह श्री सिसोदिया के खिलाफ फर्जी मामले तैयार करें।

उन्होंने कहा कि श्री सिसोदिया आज़ाद भारत के इतिहास के शायद वह सबसे अच्छे शिक्षा मंत्री हैं। दिल्ली के सरकारी स्कूलों में 18 लाख बच्चे पढ़ते हैं। श्री सिसोदिया ने इन बच्चों को सुनहरे भविष्य की उम्मीद दी है। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता कि श्री जैन और श्री सिसोदिया को जेल भेजने के पीछे क्या राजनीति है। इससे केवल देश को नुकसान पहुंचेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें लगता है कि श्री जैन और श्री सिसोदिया को फर्जी मामलों में जेल में डालकर ये लोग दिल्ली में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में जो अच्छे काम हो रहे हैं उन्हें रोकना चाहते हैं परन्तु चिंता मत कीजिए मैं ऐसा नहीं होने दूंगा सभी अच्छे काम चलते रहेंगे।

हम मोदी सरकार से ईमानदारी का सर्टिफिकेट लेकर आए हैं 
इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि मेरी PM मोदी से विनती है कि एक-एक के बजाय सभी को एक साथ अरेस्ट करवा दीजिए। कुछ लोग कहते हैं इसे हिमाचल और पंजाब के चुनावों का बदला लिया जा रहा है। हमें नहीं पता क्या कारण है, जो भी है हमें गिरफ्तार होने से डर नहीं लगता। पर सबको एक साथ करवा लो। आपने 5 साल पहले भी हम पर कई-कई बार रेड करवाई थी। किसी के यहां एक पैसे की चोरी नहीं मिली। हमारे 20 विधायकों को अरेस्ट किया गया था, सारे कोर्ट से छूटकर आ गए। सब मामलों में कोर्ट ने जांच एजेंसी को खूब फटकारा था कि ये क्या कर रहे हो। आज हम हर जगह गर्व के साथ मजाक में कहते हैं कि हम सब लोग मोदी जी से ईमानदारी का सर्टिफिकेट लेकर आए हैं। अब फिर से ये जेल-जेल का गेम शुरू हो गया है। हमारी विनती है कि सबको गिरफ्तार करके सारी जांच करवा लीजिए। मुझे पूरा विश्वास है कि हम एक बार फिर से आपसे देश की सबसे ईमानदार और देशभक्त पार्टी का सर्टिफिकेट लेकर जाएंगे।