Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

चंडीगढ़। प्रसिद्ध गायक सिद्धू मूसेवाला को श्रद्धांजलि देने के लिए शुक्रवार को पंजाब के सीएम भगवंत मान मानसा के गांव मूसा पहुंचे। इससे पहले ही मूसा गांव में आप विधायक गुरप्रीत सिंह बनावली को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने उनके खिलाफ नारेबाजी की। 

सीएम के दौरे को देखते हुए गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। इसी के विरोध में ग्रामीण एकत्रित हो गए हैं। उनका कहना है कि सुरक्षा के नाम पर उनके वाहनों को गांव में नहीं घुसने दिया जा रहा। वहीं पुलिस ने इससे इनकार किया है। 

इससे पहले गुरुवार को मूसेवाला के घर गांव मूसा में नेताओं का तांता लगा रहा। किसान नेता राकेश टिकैत ने परिवार को ढांढस बंधाया। आप सरकार के वित्त मंत्री हरपाल चीमा और पंचायत मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल मूसेवाला के घर पहुंचे और पिता बलकौर सिंह से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। सिद्धू मूसेवाला के परिवार के साथ दुख सांझा करने के लिए गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल, पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल, सांसद हरसिमरत कौर बादल, पूर्व राज्यसभा सदस्य बलविंदर सिंह भूंदड़ व पूर्व मंत्री सिकंदर सिंह मलूका पहुंचे।

मूसेवाला के पिता ने इस कत्ल कांड को लेकर देश के गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है और इसकी केंद्रीय एजेंसी से जांच करवाने की मांग की है। गांव पहुंचे केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा गायक मूसेवाला की सिक्योरिटी हटाना गलत है। सरकार बुरी तरह फेल हो चुकी है और पंजाब में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रही। उन्होंने कहा कि जब पंजाब आतंकवाद के दौर में था तो उस समय जो डर व भय पंजाब के लोग महसूस कर रहे थे, आज सिद्धू मूसेवाला के कत्ल के बाद लोगों के मनों में फिर से वही डर पैदा हो गया है।