Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

उदयपुर। उदयपुर की कृषि मंडी में बड़ा हादसा हो गया। एक दुकान की छत गिरने से 10 लोग दब गए। हादसे में दो ग्राहक और एक अकाउंटेंट की मौत हो गई। वहीं सात लोग घायल हो गए। सीएम अशोक गहलोत ने घायलों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछा। वहीं मरने वालों को राज्य सरकार ने दो-दो लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने की घोषणा की है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हादसा बुधवार की शाम को हुआ। कृषि मंडी की दुकान नंबर 10 के मालिक विनय कांत शाम पौने पांच बजे अपने स्टाफ के साथ बैठे थे। दुकान पर ग्राहक और मजदूर भी थे। दुकान के बगल में ही नई दुकान की नींव खोदी जा रही थी। इसी दौरान विनय कांत की दुकान की दीवार और छत भरभराकर गिर गई। जिसमें दुकान मालिक सहित 10 लोग दब गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया। स्थानीय लोग मलबे से लोगों को निकालने के लिए जुट गए। सूचना पर एसडीआरएफ की टीम भी पहुंची। टीम ने मलबे से लोगों को निकाला। जिसमें तीन शव भी बाहर निकाले गए।
 
सीएम गहलोत ने घायलों से की मुलाकात
मरने वालों में नीलेश मेनारिया (33), भावेश तंबोली (28) और दुकान के अकाउंटेंट जयपाल सिंह (24) शामिल हैं। दुकान के मालिक कमलेश जैन और विनय कांत कोठारी को गीतांजलि अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं अन्य घायलों का इलाज एमबी अस्पताल में चल रहा है। जयपुर से उदयपुर लौटे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी एयरपोर्ट से सीधे एमबी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने हादसे में घायल हुए लोगों से मुलाकात की।