Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

नई दिल्ली। भारत में कोरोनावायरस के नए केसों की संख्या एक बार फिर तेजी से बढ़ती जा रही है। पिछले 24 घंटे में ही देश में कोरोना के 8,329 नए मामले दर्ज हुए हैं। यह गुरुवार को मिले केसों के मुकाबले करीब 10 फीसदी की बढ़ोतरी है। इसी के साथ यह लगातार चौथा दिन है, जब देश में कोरोना के रोजाना मिलने वाले मामलों की संख्या में इजाफा दर्ज किया गया है। जहां सात जून को देश में रोजाना मिलने वाले मामलों का आंकड़ा पांच हजार के पार था, वहीं अब यह संख्या आठ हजार के ऊपर हो गई है। 

इसी के साथ भारत में सक्रिय कोरोना मरीजों की संख्या 40,370 पर पहुंच गई है। हालांकि, एक सुकून की बात यह है कि पिछले एक दिन में कोरोना से सिर्फ 10 लोगों की मौत हुई है। यानी संक्रमण दर बढ़ने के बावजूद मृत्यु दर नहीं बढ़ी है। आंकड़ों के मुताबिक, देश में संक्रमण से जिन 10 और लोगों की मौत हुई है, उनमें से पांच की केरल, दो की दिल्ली और एक-एक मरीज की मौत गुजरात, उत्तर प्रदेश तथा मध्य प्रदेश में हुई।

गौरतलब है कि भारत में गुरुवार को कोरोना के 7584 केस मिले थे, वहीं बुधवार को रोजाना मिलने वाले मरीजों का आंकड़ा 7240 था। सात जून को देश में कोरोना के 5233 केस सामने आए थे, जबकि छह जून (मंगलवार) को 3741 नए संक्रमित मिले थे। यानी बीते चार दिनों में रोजाना मिलने वाले मामलों की संख्या लगभग ढाई गुना पहुंच चुकी है। 

उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.09 प्रतिशत है जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 98.69 फीसदी दर्ज की गई। आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटे में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 4,103 मामलों की वृद्धि दर्ज की गई। संक्रमण की दैनिक दर 2.41 प्रतिशत दर्ज की गई और साप्ताहिक संक्रमण दर 1.75 प्रतिशत रही। इस बीमारी से उबरने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 4,26,48,308 हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.21 प्रतिशत है।