Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में पुलिस पर हमले का मामला सामने आया है। यहां पशु तस्करों ने हाईवे पर यूपी पुलिस के कांस्टेबल को कुचल दिया। हादसे में कांस्टेबल की मौत हो गई। पुलिस आरोपी पशु तस्करों की तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, कुशीनगर जिले के तुर्कपट्टी थाना इलाके के जोकवा बाजार में हाईवे पर पशु तस्करों ने रोकने की कोशिश करने पर हेड कांस्टेबल को पिकअप गाड़ी से कुचल दिया। घटना मंगलवार देर रात की है। गंभीर रूप से घायल कांस्टेबल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान कांस्टेबल की मौत हो गई। 

घटना की सूचना पर एसपी पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच के निर्देश दिए। संतकबीरनगर जिले के मूल निवासी धर्मवीर यादव (39) पुत्र स्व. राम मनोज यादव वर्ष 2005 से पुलिस विभाग में कार्यरत थे। उनकी तैनाती जिले के तरयासुजान थाने में थी। मंगलवार रात एनएच-28 पर पशु तस्करों के सक्रिय होने की सूचना पुलिस को मिली। 

तुर्कपट्टी, तरयासुजान समेत कई थानों की पुलिस टीम ने तस्करों को रोकने के लिए जाल बिछा दिया। तरयासुजान में तैनात हेड कांस्टेबल धर्मवीर यादव भी पुलिस टीम के साथ चेकिंग करने जोकवा बाजार पहुंचे। चेकिंग में हेड कांस्टेबल ने पशुओं से लदी एक पिकअप को रोकने का प्रयास किया। लेकिन पशु तस्कर वाहन रोकने के बजाए हेड कांस्टेबल को कुचलते हुए भाग निकले।

पुलिसकर्मी के साथ हुई घटना के बाद अन्य पुलिसकर्मी सकते में आ गए। चेकिंग छोड़कर तत्काल धर्मवीर यादव को अस्पताल ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

एएसपी रितेश सिंह ने बताया कि हेड कांस्टेबल की मौत के मामले में मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी। घटना की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।