
0 केंद्रीय मंत्री ने कहा-प्रदेश के अफसर कबूलते हैं कि वो जनता से वसूली करके रुपए रायपुर भेजते हैं रायपुर। केन्द्रीय जनजाति विकास राज्यमंत्री रेणुका सिंह ने रायपुर में भाजपा की ओर से इंडोर स्टेडियम में आयोजित गरीब कल्याण जनसभा में कहा कि हम प्रदेश के अलग-अलग जिलों में जाते हैं, अधिकारियों से मिलते हैं, वो तो खुद बताते हैं कि हम जनता से वसूली करते हैं। वो कहते हैं हम जनता से ठेकेदारों से वसूली नहीं करेंगे तो कहां से रुपए रायपुर भेजेंगे। उन्होंने कहा कि कोरबा में कोयला चोरी पर अधिकारियों का कोई नियंत्रण नहीं है। कोरबा को धनबाद बनाने की हरकत हो रही है। हमारे नेता ओपी चौधरी ने कोयला चोरी की बात बताई तो उसपर एफआईआर कर दी गई। राजनांदगांव की विधायक चन्नी साहू के पति ने माफियाओं की शिकायत की तो उसके पति को जेल में डाल दिया गया। आने वाले चुनावों में हम मोदी सरकार और पूर्व की 15 सालों तक प्रदेश में रही भाजपा सरकार के उपलब्धियां लेकर लोगों के बीच जाएंगे। कार्यक्रम में पहुंचे विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हम जब ग्रामीण इलाको में जाते हैं तो लोग भाजपा पर विश्वास जताते हैं। लोग कहते हैं कि पहले जो भाजपा का कार्यकाल था बहुत अच्छा था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि साथियों मुट्ठी बांध कर मेरे साथ नारा लगाओ जीतेगा भई जीतेगा कमल का फूल जीतेगा। इसके साथ उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अभी से वो 2023 के चुनावों की तैयारी में जुट जाएं।जब केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनवाने की बारी नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक की आई तो उन्होंने मंच से कहा नरेंद्र मोदी जैसा दुनिया में कोई नेता नहीं है। वो बिरले हैं। उनके जैसे पूरी पृथ्वी पर कोई पैदा नहीं हुआ। उन्होंने पूरे भारत का विश्व में मान बढ़ाया है। केंद्रीय योजनाओं को भी गिनाया
इस कार्यक्रम में शामिल केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, सांसद अरुण साव, सांसद सुनील सोनी, विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने मिलकर मोदी सरकार की योजनाओं को गिनवाया।