Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

नई दिल्ली। केरल के रास्ते उत्तर और पूर्वोत्तर भारत में पहुंचा मानसून कहीं सितम बनकर कहर बरपा रहा है तो कहीं राहत की फुहारें बरसा रहा है। दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सो में बारिश के कारण मौसम सुहाना हो गया है तो पूर्वोत्तर में मानसून के कारण भीषण बारिश और बाढ़ की वजह से लाखों लोग बेघर हो गए हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर व उत्तर भारत के हिस्सों में एक सप्ताह तक बादल छाए रहेंगे, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी। इस दौरान तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। 

असम में बाढ़ से 18.95 लोग प्रभावित 
असम में भीषण बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं और बाढ़ के कारण हालत इस कदर बिगड़ चुके हैं कि राज्य के 28 जिलों के 2,930 गांवों में इससे 18.95 लाख लोग प्रभावित हुए है। इस साल अब तक बाढ़ और भूस्खलन के कारण राज्य में 55 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में करीब 1.08 लाख लोग 373 राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। कई जिलों में भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आई हैं। 

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली में फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। यहां 21 जून तक बादल छाए रहने की संभावना बनी हुई है अधिकारियों की मानें तो अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आगामी सप्ताह भारी बारिश की संभावना है। 

राजस्थान में हो सकती है बारिश 
राजस्थान के जयपुर में शनिवार को मानसून की पहली बारिश देखने को मिली। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले 24 घंटां में फिर से बारिश देखने को मिल सकती है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक यहां के बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में अगले चार दिन तक मानसूनी गतिविधियां जारी रहेंगी।

झारखंड में भी बारिश की संभावना 
झारखंड में भी बारिश की संभावना बनी हुई है। यहां के साहिबगंज, पाकड़, गोड्डा, दुमका और जामताड़ा में बारिश को लेकर अलर्ट घोषित किया गया है।