Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

नई दिल्ली। केंद्र सरकार द्वारा सेना भर्ती के लिए लाई गई 'अग्निपथ' योजना का विरोध और भी तेज होता जा रहा है। इस योजना को वापस लेने के लिए देश के कई राज्यों में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हो रहे हैं। प्रदर्शनकारी आए दिन उग्र होते जा रहे हैं और सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। हिंसक प्रदर्शन को देखते हुए रेलवे भी सतर्क हो गई है और रविवार को वैशाली एक्सप्रेस, सप्तक्रांति एक्सप्रेस व बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस सहित 40 एक्सप्रेस ट्रेनों को निरस्त कर दिया है। जबकि 27 पैसेंजर ट्रेनें भी नहीं चलेंगी।

आठ वर्षों में युवाओं को मिला सिर्फ पकोड़े तलने का ज्ञान: राहुल
अग्निपथ योजना के विरोध में जहां जंतर-मंतर पर कांग्रेस नेताओं का प्रदर्शन जारी है वहीं इस बीच राहुल गांधी ने ट्वीट कर पीएम मोदी पर हमला बोला है। राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि बार-बार नौकरी की झूठी उम्मीद देकर, प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं को बेरोजगारी के ‘अग्निपथ’ पर चलने के लिए मजबूर किया है। 8 सालों में, 16 करोड़ नौकरियां देनी थीं मगर युवाओं को मिला सिर्फ पकोड़े तलने का ज्ञान। देश की इस हालत के जिम्मेदार केवल प्रधानमंत्री मोदी हैं।  

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कांग्रेस नेताओं का प्रदर्शन
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा, सचिन पायलट और पार्टी के अन्य नेताओं ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर 'अग्निपथ' भर्ती योजना का विरोध किया।

युवाओं की शंका दूर करे केंद्र सरकार: तेजस्वी यादव
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि अग्निपथ योजना को लेकर युवाओं के मन में शंका है कि वे चार साल बाद क्या करेंगे? केंद्र सरकार ने युवाओं की बात नहीं सुनी। क्या अग्निवीरों को 90 दिनों की छुट्टी मिलेगी? केंद्र सरकार ने सेना के बजट में कटौती की है।

सेना की प्रेस वार्ता
अग्निपथ योजना के विरोध में चल रहे प्रदर्शन से निपटने के लिए बैठकों का दौर लगातार जारी है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तीनों सेनाओं के प्रमुखों की बैठक जारी है। वहीं इस योजना में कोई बदलाव होगा या नहीं इस बारे में बताने के लिए दोपहर दो बजे सेना की प्रेस वार्ता होगी। प्रेस वार्ता में कुछ बड़े एलान की उम्मीद है।