Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

नई दिल्ली। नेशलन हेराल्ड केस में कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज फिर से ईडी के सामने पेश होंगे। प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी अभी तक राहुल गांधी से करीब 30 घंटे की पूछताछ कर चुके हैं। इस बीच कांग्रेस बड़े प्रदर्शन की तैयारी में हैं। ईडी की कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता दिल्ली में जुट रहे हैं, तो वहीं अग्निपथ योजना के विरोध में भी कांग्रेस देश भर में विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी में है। इस बीच कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल आज राष्ट्रपति से भी मुलाकात कर सकता है। 

गुरुग्राम व अक्षरधाम पर भीषण जाम
भारत बंद और कांग्रेस के प्रदर्शन के चलते गुरुग्राम व अक्षरधाम के आसपास भीषण जाम लग गया है। वाहनों की लंबी कतारें सड़क पर हैं। कई किलोमीटर तक वाहन ही वाहन नजर आ रहे हैं। जाम के चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दफ्तर के लिए निकले लोग भी जाम में फंस गए हैं। 

दिल्ली बॉर्डर पर पुलिस का पहरा
कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली के सभी बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। पुलिस को अंदेशा है कि इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दूसरे प्रदेशों से भी कांग्रेस कार्यकर्ता आ सकते हैं। 

जंतर-मंतर पर कांग्रेस करेगी प्रदर्शन 
अग्निपथ योजना और ईडी की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस नेता जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करेंगे। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सिर्फ 1000 लोगों को प्रदर्शन की इजाजत दी गई है। 

ईडी दफ्तर से जानकारियां लीक हो रहीं- अजय माकन
नेशनल हेराल्ड केस में ईडी आज फिर से राहुल गांधी से पूछताछ करने वाली है। इससे पहले कांग्रेस नेता अजय माकन ने प्रेसवार्ता को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा व ईडी पर निशाना साधते हुए कहा कि ईडी दफ्तर से पूछताछ की जानकारियां लीक हो रही हैं। बेवजह राहुल गांधी को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा, ईडी का दुरुपयोग सरकार के द्वारा किया जा रहा है। इसके खिलाफ हम लोग आज राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे। 

राहुल गांधी के घर पहुंची प्रियंका 
ईडी की पूछताछ से पहले प्रियंका गांधी कांग्रेस नेता राहुल गांधी के घर पहुंची हैं। माना जा रहा है कि राहुल के साथ प्रियंका भी ईडी कार्यालय तक जा सकती हैं। 

राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे कांग्रेस नेता 
ईडी की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल आज शाम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात कर सकता है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, अधीर रंजन चौधरी, पी चिंदबरम, केसी वेणुगोपाल समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे। इस दौरान ईडी व दिल्ली पुलिस द्वारा पार्टी सांसदों के साथ किए जा रहे दुर्व्यवहार एवं उत्पीड़न को उनके संज्ञान में लाया जाएगा। 

दिल्ली में जुट रहे कांग्रेस नेता
ईडी की कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता दिल्ली में जुट रहे हैं। कांग्रेस आज ईडी के साथ ही साथ अग्निपथ योजना के खिलाफ भी विरोध प्रदर्शन करेगी। इस प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में कई जगह ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है, वहीं दिल्ली पुलिस की ओर से एडवाइजरी भी जारी की गई है।