Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

नई दिल्ली।  नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को लगातार 5वें दिन भी राहुल गांधी से पूछताछ की गई। इसके खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी मुख्यालय से पैदल मार्च निकाला। पार्टी नेता नारेबाजी करते हुए जंतर-मंतर जा रहे थे, लेकिन कुछ दूरी पर ही पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक लिया। कार्यकर्ता वहां खड़े होकर नारेबाजी करने लगे। कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़े तो पुलिस ने उन्हें घसीटकर हिरासत में ले लिया। वहीं कांग्रेस नेत्री अलका लांबा पुलिस से भिड़ गईं। 

पुलिस से भिड़ीं अलका लांबा 
मार्च रोकने के विरोध में कांग्रेस नेता अलका लांबा पुलिस से भिड़ गईं। वे सड़क पर बैठ गईं। वे रोते-रोते बोलीं- आज देश की जो हालत है, उस पर पूरा देश रो रहा है। हम जय जवान, जय किसान और भारत माता की जय कहते हुए प्रदर्शन करना चाहते हैं। ये हमारा संवैधानिक अधिकार है। लेकिन, ये सरकार हमारे इस लोकतांत्रिक अधिकार को छीनना चाहती है। बच्चे सेना में भर्ती होकर देश के लिए शहीद होना चाहते हैं, लेकिन सरकार उनसे ये मौका छीनना चाहती है। पुलिस वालों ने अलका लांबा को उठाने की कोशिश की तो उनकी पुलिस ने नोकझोंक हो गई। वहीं, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर बैठ गए और नारेबाजी की। पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है और उन्हें बसों में बैठाकर अलग-अलग थानों में भेज दिया है।

राहुल का प्रधानमंत्री पर तंज
राहुल गांधी ने ईडी ऑफिस जाने से पहले प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा- आपके समय के साथ सुधार वाले फायदों के परिणाम देश की जनता हर दिन भुगत रही है। नोटबंदी, गलत GST, CAA, रिकॉर्ड महंगाई, रिकॉर्ड बेरोजगारी, काले कृषि कानून और अब अग्निपथ से प्रहार। भाजपा का 'अच्छा' मतलब, देश के लिए घातक।

4 दिन में 42 घंटे हो चुकी पूछताछ
इससे पहले सोमवार को राहुल से करीब 12 घंटे पूछताछ की गई। वह देर रात करीब 12 बजे ईडी ऑफिस से बाहर निकले थे। राहुल से ED की टीम पिछले हफ्ते सोमवार​​​​​ से बुधवार तक लगातार 3 दिन में 30 घंटे और सोमवार को 12 घंटे पूछताछ कर चुकी है। यानी 4 दिनों में राहुल से करीब 42 घंटे पूछताछ की जा चुकी है। इसी मामले में ED कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से 23 जून को सवाल करेगी।

राहुल के जवाबों से संतुष्ट नहीं ईडी अफसर
अब तक हुई पूछताछ में ईडी अधिकारी राहुल के जवाबों से असंतुष्ट नजर आए। वहीं, राहुल गांधी ने कहा- लगता है अब यहां रोज आना पड़ेगा, क्योंकि पूछताछ लंबी चलेगी। नेशनल हेराल्ड केस में राहुल के अलावा सोनिया गांधी, सुमन दुबे और सैम पित्रौदा भी आरोपी हैं। दो आरोपी ऑस्कर फर्नांडिस और मोतीलाल वोरा का निधन हो चुका है।

अग्निपथ से ध्यान भटकाने को राहुल पर ईडी कार्रवाई : सिंघवी

कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जांच को केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के खिलाफ ‘स्वस्फूर्त विरोध’ समेत अन्य मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए बढ़ाया जा रहा है। वरिष्ठ अधिवक्ता सिंघवी ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी नेशनल हेराल्ड मामले में अपनी जिम्मेदारी निभाने वाली वित्तीय जांच एजेंसी के खिलाफ नहीं है, लेकिन कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष से ‘40 घंटे’ से अधिक की पूछताछ ‘तर्कहीन’ है। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट हो गया है कि मोदी सरकार, शासन के हर एक पहलू में विफल रही है, अब नीति बनाने के अपने नवीनतम आधे-अधूरे प्रयास से ध्यान हटाने के लिए बेताब है।
 
कांग्रेस ने दिल्ली बुलाए सभी सांसद-विधायक
कांग्रेस नेताओं को उम्मीद थी कि सोमवार को पूछताछ खत्म हो जाएगी, लेकिन मंगलवार को फिर राहुल को समन करने के बाद पार्टी नेताओं ने फिर से प्रदर्शन की तैयारी कर ली है। पार्टी ने मंगलवार को अपने सभी सांसद-विधायकों को दिल्ली बुलाया है।
 
कांग्रेस मुख्यालय पर विरोध-प्रदर्शन
कांग्रेस के कार्यालय पर पार्टी नेताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया। यहां दिल्ली के स्थानीय और राष्ट्रीय नेता मौजूद हैं। प्रदर्शन के दौरान राहुल के खिलाफ ED की जांच को केंद्र सरकार की दबाव की राजनीति बताया गया। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा- भाजपा की तानाशाही और बदले की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। हम डरेंगे नहीं, डटकर लड़ेंगे। कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा- ED के ऐसे कौन से प्रश्न हैं, जिनका पहाड़ 5 दिन या 50 घंटों में खत्म नहीं होता? यह जांच संवैधानिक या कानूनी नहीं है। निजी प्रतिशोध है।

 

tranding
tranding