Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

नई दिल्ली। एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने संसद भवन में अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। मुर्मू के समर्थन में संसद भवन में खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा कई बड़े नेता मौजूद रहे। 

नामांकन दाखिल करने के बाद द्रौपदी मुर्मू ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, टीएमसी की ममता बनर्जी व एनसीपी चीफ शरद पवार से बात की। उन्होंने खुद के लिए समर्थन मांगा। इस बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा ने राष्ट्रपति उम्मीदवार को समर्थन देने के लिए कल पार्टी विधायकों व सांसदों की बैठक बुलाई है। वहीं, विपक्ष की ओर से उम्मीदवार यशवंत सिन्हा 27 जून को नामांकन कर सकते हैं। 

द्रौपदी मुर्मू ने विपक्ष के नेताओं से मांगा समर्थन
NDA की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने विपक्ष से समर्थन मांगा है। उन्होंने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और NCP प्रमुख शरद पवार से बात की और राष्ट्रपति चुनाव में अपने लिए समर्थन मांगा है। 

मुर्मू के नामांकन दाखिल के समय ये रहे मौजूद
एनडीए की तरफ से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने आज अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। इस दौरान उनके साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा सभी बड़े नेता मौजूद रहे। 

झामुमो ने बुलाई बैठक
आदिवासी नेता द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने के बाद मामला दिलचस्प हो गया है। वहीं झारखंड से सांसद रह चुके विपक्ष के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा के चलते झारखंड मुक्ति मोर्चा के लिए असमंजस वाली स्थिति उत्पन्न हो गई है। ऐसे में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने पार्टी के सांसदों और विधायकों की कल बैठक बुलाई है। यह बैठक पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन की अध्यक्षता में होगी। इस बैठक में तय किया जाएगा कि झामुमो किसको अपना समर्थन देगी। 

यशवंत सिन्हा को जेड श्रेणी की सुरक्षा
एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के नामांकन के बीच विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा की सुरक्षा बढ़ाई गई है। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें 'जेड श्रेणी' की सुरक्षा प्रदान की गई है। 

75 साल में जनजातियों की किसी ने नहीं ली सुध- गिरीराज सिंह
केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह ने कहा, पहले अनुसुचित समाज के रामनाथ कोविंद राष्ट्रपति बने। 75 सालों में इतनी बड़ी जनजाति की किसी ने सुध नहीं ली। प्रधानमंत्री ने अपनी कथनी और करनी को एक रूप देकर समाज के निचले पायदान पर रहने वाले लोगों में से एक को आज राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है। 

भाजपा कर रही हाशिये पर खड़े लोगों का उत्थान- सीएम धामी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाना बताता है कि भाजपा हाशिये पर खड़े लोगों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। देश में पीएम मोदी के नेतृत्व में आदिवासियों के लिए विभिन्न कल्याण और विकास कार्य किए जा रहे हैं। 

भाजपा के कई नेता पहुंचे संसद भवन
एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के नामांकन को लेकर भाजपा के कई नेता संसद भवन पहुंचे। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संसद भवन पहुंच कर एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के नामांकन में शामिल हुए।

झामुमो भी दे सकता है समर्थन 
राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू के रूप में भाजपा की ओर से खेले गए आदिवासी कार्ड का असर दिखना शुरू हो गया है। मुर्मू की उम्मीदवारी की घोषणा के बाद विपक्ष में दरार पड़नी शुरू हो गई है। इस क्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) और जदएस ने विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा की जगह मुर्मू को समर्थन देने का मन बना लिया है। दोनों दल जल्द ही इस आशय की आधिकारिक घोषणा करेंगे। 

वाईएसआरसीपी ने दिया समर्थन 
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का एलान किया है। हालांकि, नामांकन के वक्त वह खुद मौजूद नहीं होंगे। उनकी तरफ से पार्टी के सांसद विजय साई रेड्डी व मिधुन रेड्डी मौजूद रहेंगे। 

सीएम शिवराज बने पहले प्रस्तावक
द्रौपदी मुर्मू के नामांकन के लिए केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के आवास पर प्रस्तावक और समर्थक के तौर पर नॉमिनेशन पेपर पर हस्ताक्षर किए गए। मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान नामांकन पत्र में पहले प्रस्तावक बने। उन्होंने ट्वीट कर कहा, मेरा परम सौभाग्य है कि भारत की जनजातीय समाज की पहली और देश की द्वितीय महिला राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के नामांकन पत्र में प्रथम समर्थक के रूप में हस्ताक्षर करने का अवसर प्राप्त हुआ।