मुंबई। महाराष्ट्र में सियासी घटनाक्रम गहराता ही जा रहा है। इस बीच खबर है कि राज्य में सरकार बनाने के लिए भाजपा भी सक्रिय हो गई है। पहले भाजपा नेता व पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे के बीच मुलाकात की खबरें सामने आई थीं।
अब खबर है कि शनिवार देर रात असम के मंत्री अशोक सिंघल भी शिवसेना के बागी विधायकों से मिलने गुवाहाटी के रैडिसन ब्लू होटल पहुंचे। इन सबके बीच असली शिवसेना को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया है। शिंदे गुट की ओर से बालासाहेब के नाम पर अगल पार्टी का मामला चुनाव आयोग तक पहुंच सकता है।
शिंदे गुट के खिलाफ शिवसैनिकों का जूते मारो आंदोलन
शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे व विधायकों के खिलाफ शिवसैनिक सड़क पर उतर आए हैं। उद्धव ठाकरे के समर्थन में पहले शिवसैनिकों ने बाइक रैली निकाली। इसके बाद जूते मारो आंदोलन भी शुरू किया गया है।
सामना दफ्तर के बाहर प्रदर्शन
मुंबई में सामना दफ्तर के सामने शिंदे गुट के विरोध में शिवसेना के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं।
लाखों शिवसैनिक हमारे एक इशारे का इंतजार कर रहे- संजय राउत
शिवसेना नेता संजय राउत ने एक बार फिर से बागी विधायकों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, लोग उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना पर भरोसा रखेंगे। कल उन्होंने कहा कि जो लोग बाहर गए हैं वो शिवसेना नाम का इस्तेमाल ना करें और अपने बाप के नाम का इस्तेमाल करें और वोट मांगें। राउत ने आगे कहा, उन्हें जो करना है करने दो, मुंबई तो आना पड़ेगा ना। वहां बैठकर हमें क्या सलाह दे रहे हैं? लाखों शिवसैनिक हमारे एक इशारे का इंतजार कर रहे हैं' लेकिन हमने अभी भी संयम रखा है।
शरद पवार के घर से निकले बालासाहेब थोराट व अशोक चव्हाण
महाराष्ट्र में जारी सियासी संकट के बीच बैठकों का दौर जारी है। इस बीच महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता बालासाहेब थोराट और अशोक चव्हाण मुंबई में एनसीपी प्रमुख शरद पवार से मुलाकात करने पहुंचे।
राज्य में जारी सियासी संकट के बीच राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को आज अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। फिछले दिनों कोविड से संक्रमित होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।
उद्धव की पत्नी ने संभाला मोर्चा
शिवसेना में बगावत के बाद सीएम उद्धव ठाकरे की पत्नी रश्मि ठाकरे भी मैदान में उतर गई हैं। वह बागी विधायकों की पत्नियों से संपर्क कर रही हैं। उधर, सीएम उद्धव ठाकरे भी बागी विधायकों को मैसेज भेज रहे हैं। बताया जा रहा है कि बागी विधायक उद्धव ठाकरे के मैसेज के रिप्लाई में बस इतना कर रहे हैं कि वे शिवसेना के साथ हैं।
बागी नेता एकनाथ शिंदे ने बुलाई विधायकों की मीटिंग
शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे ने बागी विधायकों की आज दोपहर 12 बजे बैठक बुलाई है। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में आगे की रणनीति पर चर्चा होगी। वहीं खबर है कि गुवाहाटी के जिस होटल में शिवसेना के बागी विधायक रुके हुए हैं। वहां की बुकिंग 30 जून तक बढ़ा दी गई है।
बढ़ रही शिवसेना पर कब्जे की लड़ाई
भाजपा महाराष्ट्र में सरकार बनाने का दावा पेश करने को लेकर जल्दी में नहीं है। असल में भाजपा शिवसेना के आंतरिक संघर्ष के नतीजों के आधार पर फैसला करेगी। फिलहाल भाजपा शिवसेना के संघर्ष को इसके नगर निगमों, नगर निकायों व कस्बों तक के स्तर पर उतरने का इंतजार कर रही है।
राउत का बागियों पर निशाना
शिवसेना सांसद संजय राउत का एक और ट्वीट सामने आया है। उन्होंने लिखा है, 'कब तक छिपोगे गुवाहाटी में..आना ही पड़ेगा चौपाटी में।
बागी विधायकों पर हर दिन खर्च हो रहे नौ लाख रुपये: आदित्य ठाकरे
शिवसेना नेता व महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आदित्य ठाकरे ने बागी विधायकों व भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, हमारे विधायकों को जबरन असम ले जाया गया है। वहां उन पर हर दिन नौ लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। जबकि, असम में बाढ़ से लाखों लोग पीड़ित हैं। उन्हें खुद के भरोसे छोड़ दिया गया है। आदित्य ठाकरे ने कहा, पूरे देश ने देखा कि जिसने कोरोना के दौरान सबसे अच्छा काम किया, उसे अपना सरकारी आवास छोड़ना पड़ा। बागी विधायकों पर कहा, अगर आप शिवसेना के बिना लड़ने के लिए तैयार हैं, तो हम तैयार हैं। हम किसी भी कीमत पर आपको जीतने नहीं देंगे।
शिवसेना व बालासाहेब के नाम के संबंध में प्रस्ताव पारित
शिवसेना की ओर से शनिवार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में दिवंगत बालासाहेब के नाम के इस्तेमाल के संबंध में प्रस्ताव पारित हुआ। प्रस्ताव में कहा गया है कि कोई भी अन्य राजनीतिक संगठन शिवसेना या उसके संस्थापक बाल ठाकरे के नाम का इस्तेमाल नहीं कर सकता है। दरअसल, शिंदे गुट की ओर से अपने समूह का नाम शिवसेना बालासाहेब रखने के बाद यह प्रस्ताव पारित हुआ।