Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

उदयपुर। उदयपुर में नुपुर समर्थक दर्जी की हत्या की जांच के लिए राज्य सरकार ने एसआईटी का गठन करवाया है। वहीं मृतक के परिजनों ने हत्या के बाद कुछ मांगें रखी थीं। जिसपर सहमति बनने के बाद परिजनों ने आठ घंटे बाद शव उठाया।  गहलोत सरकार ने पीड़ित परिवार को 31 लाख रुपये का मुआवजा और मृतक के दोनों बेटों को संविदा पर नौकरी देने का आश्वासन दिया है।

उदयपुर में जघन्य हत्या के बाद पूरे शहर में जगह-जगह पुलिस तैनात कर दी गई है। सात थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। वहीं पूरे राजस्थान में 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद है।

आज होगा कन्हैयालाल का अंतिम संस्कार
कन्हैयालाल साहू के शव का पोस्टमॉर्टम पूरा हो गया है। आज ही उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। पोस्टमार्टम के दौरान नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया एमबी अस्पताल के बाहर मौजूद रहे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यह मामला पूरा एक ही व्यक्ति ने नहीं किया है। इसके पीछे कोई न कोई एजेंसी लगी हुई है। उन्होंने कहा कि मैं इस घटना के पीछे लगा रहूंगा और इस गैंग का पर्दाफाश कर रहूंगा।

उदयपुर हत्याकांड साधारण घटना नहीं-सीएम गहलोत
गृह मंत्रालय के अधिकारियों और पुलिस के साथ बैठक से पहले सीएम गहलोत ने मीडिया से बातचीत की। जिसमें उन्होंने उदयपुर हत्याकांड को लेकर कहा कि यह कोई साधारण घटना नहीं है। हम इस हत्याकांड की साजिश और इसके जुड़े लिंक को गंभीरता से जांच करवाएंगे। मैं बैठक के लिए जा रहा हूं। बैठक में क्या निर्णय लिया गया, ये आपको बताऊंगा।

गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी को दी सलाह
बिहार के बेगूसराय से सांसद और बीजेपी नेता गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी को घेरा है। उन्होंने राहुल गांधी को 'धर्म' के बजाय 'मजहब' कहने की सलाह दे डाली। दरअसल, राहुल गांधी ने उदयपुर हत्याकांड को लेकर कहा कि इस जघन्य हत्या से मैं बेहद स्तब्ध हूं। धर्म के नाम पर बर्बरता बर्दाश्त नहीं की जा सकती। इस हैवानियत से आतंक फैलाने वालों को तुरंत सख्त सजा मिले। 

देश में तालिबानी कल्चर नहीं आने देंगे-अजमेर दरगाह दीवान
अजमेर दरगाह के दीवान सैयद जैनुअल आबेदीन अली खान ने उदयपुर की घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा कि कोई भी धर्म मानवता के खिलाफ हिंसा को बढ़ावा नहीं देता है। देश में हम तालिबानी कल्चर पर नहीं आने देंगे। चाहे जाने ही चली जाए। ये जो लोग इस तरह की हरकत कर रहे हैं, उससे न केवल इस्लाम बदनाम होता है। धर्म बदनाम होता है, देश बदनाम होता है। यह गलत है।

गृह मंत्रालय के अधिकारियों के साथ सीएम की बैठक
मुख्यमंत्री गहलोत ने अपना जोधपुर दौरा रद्द कर दिया है। वे कुछ देर में जयपुर के लिए रवाना होंगे, जहां वो जयपुर में गृह मंत्रालय के अधिकारियों की बैठक लेंगे।

उदयपुर पहुंची एसआईटी
हत्या की जांच करने के लिए राज्य सरकार ने एसआईटी का गठन किया। एसआईटी टीम उदयपुर पहुंच गई है। इस हत्याकांड की जांच एनआईए भी करेगी। एनआईए की टीम भी आज उदयपुर पहुंचेगी।
 
उदयपुर में सुबह के हालात
जघन्य हत्या के बाद पूरे उदयपुर में जगह-जगह पुलिस तैनात है। सात थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा गया है। शांति और सुरक्षा की दृष्टि से पूरे राजस्थान में इंटरनेट बंद है। वीडियो में देखिए कि बर्बरता से दर्जी की हत्या के बाद शहर में चप्पे-चप्पे पर सन्नाटा पसरा है। 

दावत-ए-इस्लामी से जुड़े तार
मीडिया रिपोर्टस में दावा किया जा रहा है कि उदयपुर में कन्हैयालाल की हत्या करने वाले दोनों आरोपी मोहम्मद रियाज और गौस मोहम्मद 'दावत-ए-इस्लामी' नाम के संगठन से जुड़े हुए हैं। हत्या के बाद दोनों आरोपी अजमेर दरगाह जियारत के लिए जाने वाले थे।