उदयपुर। उदयपुर में जघन्य हत्या के बाद पूरे शहर में जगह-जगह पुलिस तैनात कर दी गई है। सात थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। वहीं पूरे राजस्थान में 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद है। गहलोत सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि घटना के बाद उबल रहा हूं। दोषियों को ठोक देना चाहिए। आरोपियों को चार दिनों में फांसी पर लटकाना चाहिए।
आरोपियों को फांसी दो, कल दूसरे को मारेंगे-कन्हैया लाल की पत्नी
टेलर कन्हैयालाल साहू के अंतिम संस्कार में भारी संख्या में लोग जुटे हैं। भारी पुलिस सुरक्षा के बीच कन्हैयालाल के अंतिम संस्कार का इंतजाम किया गया। कन्हैयालाल का शव निकलने के दौरान उसकी पत्नी ओर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल दिखा। कन्हैयालाल साहू की पत्नी ने कहा, 'आरोपियों को फांसी दो, आज उसने हमारे पति को मारा है, कल दूसरों को मारेंगे।'
दोषियों को ठोक देना चाहिए-खाचरियावास
गहलोत सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि घटना के बाद उबल रहा हूं। दोषियों को ठोक देना चाहिए। आरोपियों को चार दिनों में फांसी पर लटकाना चाहिए। कन्हैयालाल का पार्थिव शरीर उनके घर पहुंच गया है। उनके घर के बाहर भीड़ लग गई है। इस दौरान 'कन्हैया अमर रहें' के नारे लगे। वहीं पुलिस के खिलाफ भी नारेबाजी की जा रही है।
उदयपुर घटना की ओवैसी ने की कड़ी निंदा
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने उदयपुर की घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि राजस्थान सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। पुलिस ज्यादा सतर्क होती तो ऐसा नहीं होता। कट्टरता फैल रही है। नूपुर शर्मा को गिरफ्तार किया जाना चाहिए केवल निलंबन पर्याप्त नहीं था।
एनआईए करेगी हत्याकांड की जांच
अब एनआईए उदयपुर हत्याकांड की जांच करेगी। गृह मंत्रालय ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को हत्याकांड की जांच अपने हाथ में लेने का निर्देश दिया है। गृह मंत्रालय ने कहा कि इस हत्याकांड में किसी भी संगठन की संलिप्तता और अंतरराष्ट्रीय लिंक की गहन जांच की जाएगी।
अंतिम संस्कार को लेकर परिजन और पुलिस में विवाद
पोस्टमार्टम के बाद कन्हैयालाल के पार्थिव शरीर को परिजन घर के लिए रवाना हुए। अंतिम संस्कार को लेकर परिजनों और पुलिस में विवाद हो गया। पुलिस ने परिवार को घर के पास ही अंतिम संस्कार करने को कहा लेकिन परिवार और समाज के लोग अशोक नगर श्मशान में अंतिम संस्कार की मांग पर अड़ गए। जिसके बाद पुलिस ने अशोक नगर श्मशान घाट पर अंत्येष्टी की मंजूरी दे दी।