Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

मुंबई। महाराष्ट्र में सियासी संकट के बीच बुधवार देर रात उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी ने मंगलवार देर रात ठाकरे को बहुमत परीक्षण के निर्देश दिए थे। शिवसेना ने इसे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी, लेकिन कोर्ट से राहत नहीं मिली, तो उद्धव ने फेसबुक लाइव पर आकर त्यागपत्र की घोषणा कर दी। वहीं आज देवेंद्र फडणवीस के आवास पर भाजपा कोर कमेटी की बैठक होगी। इस बैठक में आगे की रणनीति पर फैसला लिया जाएगा। 

मंत्री पद को लेकर भाजपा से अभी कोई चर्चा नहीं: शिंदे
शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे ने कहा कि कौन और कितने मंत्री पद होंगे, इसे लेकर भाजपा से अभी तक कोई चर्चा नहीं हुई है, यह जल्द ही हो जाएगा। तब तक, कृपया मंत्रिस्तरीय सूचियों और इसके बारे में अफवाहों पर विश्वास न करें। 

कांग्रेस की संगत में जो जाएगा वो साफ हो जाएगा: नरोत्तम मिश्रा
मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि देश में पहली हिंदुत्व के नाम पर सरकार गिरी है, हनुमान चालीसा का असर है कि 40 विधायक चले गए। कांग्रेस की संगत में जो जाएगा वो साफ हो जाएगा।

राज्यपाल ने उद्धव का इस्तीफा स्वीकार किया
महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने उद्धव ठाकरे का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

फडणवीस के घर भाजपा नेताओं की बैठक शुरू
पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आवास पर भाजपा कोर कमेटी की बैठक हो रही है। जिसमें महाराष्ट्र भाजपा प्रभारी सीटी रवि, पार्टी नेता चंद्रकांत पाटिल, गिरीश महाजन, प्रवीण दरेकर और अन्य कई बड़े नेता मौजूद हैं। वहीं एकनाथ शिंदे ने कहा है कि मंत्रालयों के बंटवारे को लेकर अभी भाजपा से कोई चर्चा नहीं हुई है, इसलिए अटकलें न लगाएं।

कल जब उद्धव ठाकरे ने इस्तीफा दिया तो हम भावुक हो गए: राउत
शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि कल जब उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया तो हम भावुक हो गए। उद्धव ठाकरे पर सभी को भरोसा है। हर जाति और धर्म के लोग उनका समर्थन करते हैं। सोनिया गांधी और शरद पवार को उन पर भरोसा है। 

कल ईडी के समक्ष पेश होंगे संजय राउत
महाराष्ट्र में सियासी घमासान के बीच शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि मैं कल प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कार्यालय जा रहा हूं। बता दें कि ईडी ने राउत को दूसरा समन भेजा था, जिसमें उन्हें पात्रा चॉल भूमि घोटाले के सिलसिले में 1 जुलाई को पेश होने के लिए कहा था।

शिंदे गोवा में मौजूद अपने गुट के विधायकों को संबोधित करेंगे
मुंबई रवाना होने से पहले शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे गोवा में मौजूद अपने गुट के विधायकों को संबोधित करेंगे। एकनाथ शिंदे खेमे के प्रवक्ता दीपक केसरकर ने इसकी जानकारी दी है।

अब फ्लोर टेस्ट की कोई आवश्यकता नहीं: विधानसभा सचिव  
उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद महाराष्ट्र विधानसभा सचिव राजेंद्र भागवत ने सभी राज्य विधायकों को सूचित किया कि राज्यपाल के आदेश के अनुसार, अब फ्लोर टेस्ट की कोई आवश्यकता नहीं है, इसलिए आज का विशेष सत्र नहीं बुलाया जाएगा।

ठाकरे के इस्तीफे के बाद मुंबई भाजपा का ट्वीट
उद्धव ठाकरे के इस्तीफे के बाद मुंबई भाजपा ने ट्वीट कर कहा कि ये तो सिर्फ अभी झांकी है, मुंबई महापालिका अभी बाकी है।

फडणवीस और एकनाथ शिंदे तय करेंगे अगला कदम
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि उनका अगला कदम फडणवीस और एकनाथ शिंदे तय करेंगे।

फडणवीस के आवास पर भाजपा की बैठक
उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद आज सुबह 11 बजे देवेंद्र फडणवीस के आवास पर भाजपा कोर कमेटी की बैठक होगी जिसमें आगे की रणनीति बनाई जाएगी।