मुंबई। महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से चल रहा सियासी ड्रामा धीरे-धीरे शांत हो रहा है। नई सरकार का गठन हो चुका है। एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री पद की शपथ ले चुके हैं। फडणवीस उपमुख्यमंत्री बने हैं।
इस बीच विधानसभा के विशेष सत्र का आज दूसरा दिन है। इस दौरान विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो गई। पहले ध्वनिमत से बहुमत पर फैसला होना था। हालांकि, विपक्ष ने इस पर एतराज जताया। इसके बाद मतदान के जरिए कार्यवाई शुरू की गई। शिंदे के पक्ष में 164 वोट पड़े, उन्होंने विश्वास मत हासिल कर लिया है।
महाराष्ट्र में भाजपा नेता गिरीश महाजन ने कहा कि बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और सीटी रवि भी मौजूद थे। बैठक राष्ट्रपति चुनाव को लेकर थी क्योंकि एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू 14 जुलाई को यहां आएंगी। उन्होंने साफ किया कि कैबिनेट विस्तार पर कोई बातचीत नहीं हुई।
मुख्यमंत्री शिंदे का फूलों से स्वागत
महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के ठाणे स्थित उनके आवास पर पहुंचते ही लोगों ने उन पर पुष्पवर्षा की।
ममता बनर्जी ने भाजपा पर निशाना साधा
ममता बनर्जी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसने महाराष्ट्र में एक चुनी हुई सरकार को गिराने के लिए धन और बाहुबल की शक्ति और केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया है। तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने आरोप लगाया कि शिवसेना के विधायकों को असम भेजा गया और न केवल पैसे बल्कि कई अन्य चीजों की भी आपूर्ति की गई। हालांकि उन्होंने अपने आरोपों के बारे में विस्तार से नहीं बताया।
बनर्जी ने कहा, मेरा मानना है कि यह (महाराष्ट्र) सरकार ज्यादा नहीं चलेगी क्योंकि भाजपा ने अपनी शक्ति का दुरुपयोग किया है। यह एक अनैतिक और अलोकतांत्रिक सरकार है। उन्होंने भले ही सरकार बनाई हो, लेकिन उन्होंने लोगों का दिल नहीं जीता।
शिंदे का संजय राउत पर निशाना
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे घेरे रखने वालों पर निशाना साधा और शिवसेना सांसद संजय राउत पर परोक्ष रूप से हमला किया, जिन्होंने गुवाहाटी में डेरा डाले हुए बागी विधायकों की कड़ी आलोचना की थी। किसी ने हमें गुवाहाटी में देवी कामाख्या को अर्पित करने के लिए बैल (नर भैंस) के रूप में वर्णित किया। देवी ने हमें बताया कि वह बहुत ज्यादा बात करने वाला बैल नहीं चाहती। शिंदे ने विधानसभा में बहुमत परीक्षण जीतने के बाद राउत पर निशाना साधा।
गुवाहाटी के एक होटल में अपने प्रवास के दौरान बागी विधायकों ने एक खुला पत्र लिखा था जिसमें उन्होंने ठाकरे के आसपास की मंडली को फटकार लगाई और राउत को राकांपा का पसंदीदा आदमी करार दिया। मुख्यमंत्री ने कहा, 10 जून को हुए राज्यसभा चुनाव के वक्त शिवसेना का एक उम्मीदवार हार गया था। अब ऐसा लगता है कि एक और उम्मीदवार को चुनाव हार जाना चाहिए। राज्यसभा चुनावों में शिवसेना द्वारा मैदान में उतारे गए दो उम्मीदवारों में से राउत जीते, लेकिन एक अन्य उम्मीदवार संजय पवार भाजपा के धनंजय महाडिक से हार गए थे।
बारिश के मद्देनजर सावधानी बरतने का निर्देश
महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने रायगढ़ और रत्नागिरी के जिला कलेक्टरों को वहां भारी बारिश के मद्देनजर सावधानी बरतने का निर्देश दिया है। कुछ नदियां चेतावनी के स्तर पर पहुंच चुकी हैं : मुख्यमंत्री कार्यालय
बालासाहेब के सम्मान में नहीं दिया आदित्य ठाकरे का नाम
हमने बालासाहेब ठाकरे के प्रति सम्मान को देखते हुए उनका (आदित्य ठाकरे का) नाम (अयोग्यता के लिए) नहीं दिया। सीएम इस पर फैसला लेंगे: शिवसेना के मुख्य सचेतक भरत गोगावाले
आदित्य ठाकरे को छोड़ उद्धव गुट के बाकी विधायकों को नोटिस
हमने हमारे व्हिप की अवहेलना करने वाले सभी विधायकों को अयोग्य घोषित करने के लिए नोटिस दिया है, बालासाहेब ठाकरे के प्रति हमारे सम्मान के कारण उनका (आदित्य ठाकरे का) नाम नहीं दिया: शिवसेना के मुख्य सचेतक भरत गोगावाले
राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करेंगे
आज हमारे पक्ष में मतदान करने वाले सभी विधायक राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करेंगे। शरद पवार एक बड़े नेता हैं, लेकिन वे जो कुछ भी कहते हैं तथ्यों के बिल्कुल विपरीत होता है। इसलिए हम शासन के ढाई साल पूरे करेंगे, अगली बार हमारे पास 200 विधायक होंगे, 100 हमारे और 100 भाजपा के: सीएम शिंदे
व्हिप का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी
सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा, हम कैबिनेट विस्तार के बारे में देखेंगे। वे (उद्धव ठाकरे खेमे) नियमित रूप से कोर्ट जा रहे हैं और आज भी सुप्रीम कोर्ट गए। भरत गोगावाले हमारे सचेतक हैं और मैं खुद विधायक दल का नेता हूं। हमारे व्हिप का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
पेट्रोलियम पदार्थों पर वैट में कटौती करेंगे
सीएम शिंदे ने कहा, हम महाराष्ट्र के लोगों को राहत देने के लिए पेट्रोलियम पर वैट में कटौती करेंगे। जब केंद्र सरकार किसी भी राज्य की सरकार के साथ आती है, तो उस राज्य में विकास की गति कई गुना बढ़ जाती है। देवेंद्र फडणवीस के अनुभव से हमें निश्चित रूप से लाभ मिलेगा।
शिंदे बोले, लंबित परियोजनाओं को जल्द से जल्द पूरा करेंगे
सीएम ने कहा, मैंने पिछली सरकार में उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की निर्णय लेने की गति देखी है। वह रुके हुए काम को पूरा करवाते हैं। इस सरकार में भी हम सभी लंबित परियोजनाओं को जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास करेंगे, चाहे वह मेट्रो परियोजना हो या समृद्धि महामार्ग।
महाराष्ट्र के लोगों के हित में फैसले लेंगे: शिंदे
महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे, उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ एक प्रेस में मौजूद रहे। इस दौरान शिंदे ने कहा, यह सरकार जनता के जनादेश की है जो ढाई साल पहले किन्हीं कारणों से नहीं बन पाई थी। हमारे पास आज 50 (शिवसेना) और 115 (भाजपा) विधायक हैं और हम महाराष्ट्र के लोगों के हित में निर्णय लेंगे।
ईंधन पर वैट कम करेगी सरकार
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विधानसभा में कहा कि उनकी सरकार ईंधन पर वैट (मूल्य संवर्धित कर) जल्द ही कम करेगी। सीएम शिंदे ने विश्वास मत जीतने के बाद एक चर्चा का जवाब देते हुए सदन को सूचित किया कि ईंधन पर वैट कम करने का निर्णय राज्य मंत्रिमंडल में लिया जाएगा।
एनसीपी के अजित पवार होंगे विधानसभा में नेता विपक्ष
एनसीपी के अजित पवार होंगे विधानसभा में नेता विपक्ष, एनसीपी विधायक दल के नेता जयंत पाटिल अजित पवार का नाम प्रस्तावित किया जिसे विधानसभा ने मंजूरी दे दी।