Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 कांग्रेस ने बताया अफवाह

पणजी। महाराष्ट्र के बाद अब गोवा की राजनीति में उथल-पुथल होने के आसार हैं। हालांकि यहां सरकार नहीं गिर रही, बल्कि विपक्षी पार्टी कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के भाजपा में जाने की अटकलें हैं। सूत्रों के मुताबिक राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के नेता दिगंबर कामत समेत 9 विधायक पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो सकते हैं। हालांकि कांग्रेस ने इसे अफवाह बताया है।

गोवा में कांग्रेस के 11 विधायक हैं। सूत्रों के मुताबिक 9 विधायक कभी भी भाजपा में शामिल होने की घोषणा कर सकते हैं। इनमें से 1 या 2 को प्रमोद सावंत सरकार में मंत्री भी बनाया जा सकता है। शनिवार को इन विधायकों की गोवा के एक होटल में मीटिंग हो चुकी है। जगह को सीक्रेट रखा गया है।

बहुमत के लिए 1 सीट से दूर है BJP
गोवा विधानसभा में 40 सीटें हैं। कांग्रेस के पास 11 और भाजपा के पास 20 विधायक हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र गोमांतक पार्टी के 2, निर्दलीय 3 विधायक हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी गोवा जा रहे हैं।​​​ गोवा विधानसभा चुनाव 2022 में राज्य में किसी भी दल को बहुमत नहीं मिला था। BJP को राज्य की कुल 40 में से 20 सीटें मिली थीं, जबकि बहुमत का आंकड़ा 21 है। इस तरह गोवा में बीजेपी पूर्ण बहुमत से महज एक कदम दूर रह गई। हालांकि भाजपा नेताओं ने निर्दलीय के सहयोग से राज्य में सरकार बना ली है।

कांग्रेस बोली- सभी विधायक एकजुट हैं
कांग्रेस ने इन खबरों का खंडन किया है। गोवा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गिरीश चोडनकर ने कहा कि हमारा एक भी विधायक भाजपा में शामिल नहीं होने जा रहा। ये सिर्फ अफवाहें हैं। शनिवार को जो विधायक होटल में इकट्‌ठा हुए थे, वे सोमवार से शुरू हो रहे सत्र की चर्चा के लिए जुटे थे। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस में नाराज विधायकों को मनाने की कोशिश जारी है। AICC गोवा प्रभारी दिनेश गुंडू राव विधायकों को मनाने में जुटे हुए हैं। हालांकि गुंडू राव ने कहा कि कल हमने गोवा में CLP की बैठक की थी। पार्टी के सभी विधायक एक साथ हैं। BJP हमारे विधायकों को डराने-धमकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने इस बात का खंडन किया है कि कांग्रेस के कुछ विधायक दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं।

2019 में भी कई विधायकों ने छोड़ी थी कांग्रेस
इससे पहले 2019 में भी कांग्रेस के 15 में से 10 विधायक BJP में शामिल हुए थे। इसमें नेता विपक्ष चंद्रकांत कावलेकर भी शामिल थे। गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने कांग्रेस के सभी बागी विधायकों को BJP में शामिल करवाया था। कांग्रेस से जो विधायक टूट सकते हैं, उनमें दिगंबर कामत, माइकल लोबो, संकल्प अमोनकर, केदार नायक और राजेश फलदेसाई का नाम सामने आ रहा है।