नई दिल्ली। उप राष्ट्रपति पद के चुनाव में विपक्ष की उम्मीदवार मार्ग्रेट अल्वा ने मंगलवार को अपना पर्चा भर दिया। श्रीमती अल्वा ने संसद भवन में लोकसभा महासचिव को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश की उपस्थिति में अपना नामांकन पत्र साैंपा।
इस अवसर पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार, शिवसेना के संजय राउत, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के सीताराम येचुरी और द्रविड मुनेत्र कषगम के तिरुचि शिवा तथा विपक्ष के अन्य नेता मौजूद थे। श्रीमती अल्वा पूर्व राज्यपाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री हैं।
उप राष्ट्रपति के चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल जगदीप धनखड़ को अपना उम्मीदवार बनाया है। निवर्तमान उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त हो रहा है।
उप राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव छह अगस्त को होगा है। उपराष्ट्रपति को चुनने के लिए निर्वाचक मंडल में संसद के दोनों सदनों, लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य शामिल होते हैं। संसद में सदस्यों की मौजूदा संख्या 780 है।