नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 10वीं और 12वीं का रिजल्ट जारी कर दिया है। 12वीं की परीक्षा में 92.71% छात्र पास हुए हैं, वहीं 10वीं में 94% स्टूडेंट पास हुए हैं। बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट results.cbse.nic.in पर नतीजे देखे जा सकते हैं। इसके अलावा results.gov.in पर भी नतीजे जारी हुए हैं, लेकिन ट्रैफिक की वजह से वेबसाइट क्रैश हो गई है।
दोनों परीक्षाओं में लड़कों से आगे रहीं लड़कियां
12वीं में लड़कों के मुकाबले लड़कियों का रिजल्ट 3.29% ज्यादा रहा। वहीं, 10वीं के नतीजों में लड़कियां 1.41% से आगे रहीं।
12वीं में यूपी की तान्या सिंह को मिले पूरे अंक
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली तान्या सिंह ने 12वीं की परीक्षा में 500 में से 500 अंक हासिल किए हैं। तान्या सिंह, बुलंदशहर के दिल्ली पब्लिक स्कूल की छात्रा हैं। रिजल्ट आने के बाद तान्या के घर और स्कूल में जश्न का माहौल है। तान्या सिंह अपने मम्मी-पापा और स्कूल-टीचर को इस सक्सेस का क्रेडिट देना चाहती हैं। वे आईएएस ऑफिसर बनना चाहती हैं और ग्रेजुएशन में हिस्ट्री ऑनर्स लेंगी। उन्होंने कहा कि उनकी इस उपलब्धि से उनके माता-पिता और टीचर काफी खुश हैं।
35 लाख छात्रों ने दी 10वीं और 12वीं की परीक्षा
10वीं और 12वीं की टर्म-2 परीक्षा करीब 35 लाख छात्रों ने दी है। इसमें 10वीं के 21 लाख 16 हजार 290 और 12वीं के 14 लाख 54 हजार 370 छात्र शामिल हैं। परीक्षा देश के विभिन्न स्थानों पर निर्धारित हजारों केंद्रों पर 26 अप्रैल 2022 से लेकर 15 जून 2022 तक आयोजित की गई थी। सीबीएसई कक्षा 10 और कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा में पासिंग मार्क्स 33% हैं। उन विषयों में जिनमें प्रैक्टिकल और थ्योरी दोनों हैं, दोनों में कम से कम 33% मार्क्स हासिल करना जरूरी है।
ऐसे चेक कर सकेंगे रिजल्ट
0 सबसे पहले बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाएं।
0 होम पेज पर दिखाई दे रहे 10वीं या 12वीं के रिजल्ट से जुड़े लिंक पर क्लिक करें।
0 अब आप एक नए पेज पर आ जाएंगे।
0 यहां मांगी जा रही जानकारी जैसे अपना रोल नंबर, DOB आदि भरें और सबमिट पर क्लिक करें।
0 आपका रिजल्ट स्क्रीन पर आ जाएगा।
