नई दिल्ली। लोकसभा में पोस्टर लहराने पर कांग्रेस के 4 सांसदों को पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया है। चारों लोकसभा की कार्यवाही के दौरान सदन में पोस्टर लहरा रहे थे। इसके चलते लोकसभा स्पीकर ने कांग्रेस सांसदों पर यह कार्यवाही की है। इसके साथ लोकसभा की कार्यवाही भी मंगलवार यानी 26 जुलाई को सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
बता दें कि कई दिनों से विपक्ष संसद में महंगाई और अग्निपथ योजना को लेकर हंगामा कर रहा है। विपक्ष की मांग है कि सरकार इन मुद्दों पर चर्चा कराए।
इन सांसदों पर हुई कार्रवाई
बता दें कि आज जैसे ही लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई विपक्ष ने एक बार फिर हंगामा मचाना शुरु कर दिया। इसके चलते कांग्रेस के लोकसभा सांसद मणिकम टैगोर, राम्या हरिदास, ज्योतिमणि और टीएन प्रतापन को पूरे मानसून सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया है।
खड़गे बोले सरकार चर्चा को तैयार नहीं
इस बीच कांग्रेस सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि संसद की कार्यवाही सुचारु रूप से चले इसके लिए सरकार जिम्मेदार है। खड़गे ने कहा कि विपक्ष कई दिनों से महंगाई समेत कई मुद्दों पर चर्चा करना चाहती है, लेकिन अभी तक विपक्ष को बातचीत के लिए नहीं बुलाया गया है। जिससे यह स्पष्ट है कि सरकार सदन में चर्चा के लिए तैयार नहीं है।