Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि शहद से किसानों के जीवन में मिठास आ रही है और उनकी हालत में सुधार हो रहा है। श्री मोदी ने आकाशवाणी पर अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' की 91वीं कड़ी में देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान इन दिनों शहद के उत्पादन में ऐसा ही कमाल कर रहे हैं। शहद की मिठास हमारे किसानों का जीवन भी बदल रही है, उनकी आय भी बढ़ा रही है।

हरियाणा के यमुनानगर में मधुमक्खी पालक सुभाष कंबोज, जम्मू के पल्ली गाँव में विनोद कुमार, कर्नाटक के मधुकेश्वर हेगड़े और गोरखपुर के निमित्त सिंह का उल्लेख करते हुए श्री मोदी ने कहा कि पारंपरिक स्वास्थ्य विज्ञान में शहद को महत्व दिया गया है। आयुर्वेद ग्रंथों में तो शहद को अमृत बताया गया है। शहद, न केवल हमें स्वाद देता है, बल्कि आरोग्य भी देता है। शहद उत्पादन में आज इतनी अधिक संभावनाएं हैं कि पेशेवर पढ़ाई करने वाले युवा भी, इसे, अपना स्वरोजगार बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे युवाओं की मेहनत से ही आज देश इतना बड़ा शहद उत्पादक बन रहा है।देश से शहद का निर्यात भी बढ़ गया है। देश ने राष्ट्रीय मधुमक्खी पालन एवं शहद मिशन जैसे अभियान चलाए, किसानों ने पूरा परिश्रम किया, और हमारे शहद की मिठास, दुनिया तक पहुँचने लगी। उन्होंने कहा, " अभी इस क्षेत्र में और भी बड़ी संभावनाएं मौजूद हैं। मैं चाहूँगा कि हमारे युवा इन अवसरों से जुड़कर उनका लाभ लें और नई संभावनाओं को साकार करें।

देश का मान बढ़ाने के लिए मोदी ने खिलाड़ियों को सराहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश विदेश में भारत का मान बढ़ाने के लिए खिलाड़ियों की सराहना की है। श्री मोदी ने  'मन की बात' में राष्ट्रवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि कक्षा हो या खेल का मैदान, आज हमारे युवा, हर क्षेत्र में, देश को गौरवान्वित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी महीने पी वी सिंधु ने सिंगापुर ओपन का अपना पहला ख़िताब जीता है। नीरज चोपड़ा ने भी अपने बेहतरीन प्रदर्शन को जारी रखते हुए विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में देश के लिए रजत पदक जीता है। आयरलैंड पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल
में भी हमारे खिलाड़ियों ने 11 पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है। रोम में हुए विश्व कैडेट कुश्ती चैंपियनशिप में भी भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। हमारे एथलीट सूरज ने तो ग्रीको रोमन प्रतियोगिता में कमाल ही कर दिया। उन्होंने 32 साल के लंबे अंतराल के बाद इस स्पर्धा प्रतियोगिता में कुश्ती का स्वर्ण पदक जीता है। खिलाड़ियों के लिए तो ये पूरा महीना ही रोमांच से भरपूर रहा है। ” उन्होंने कहा कि चेन्नई में 44वें शतरंज ओलंपियाड‌ की मेजबानी करना भी भारत के लिए बड़े ही सम्मान की बात है। अठाईस जुलाई को ही इस प्रतिस्पर्धा का शुभारंभ हुआ है।उसी दिन ब्रिटेन में राष्ट्रमंडल खेल की भी शुरुआत हुई।
श्री मोदी ने कहा कि युवा जोश से भरा भारतीय दल वहां देश का प्रतिनिधित्व कर रहा है। उन्होंने कहा," मैं सभी खिलाड़ियों को देशवासियों की ओर से शुभकामनाएं देता हूं। मुझे इस बात की भी खुशी है कि भारत फीफा अंडर-17 महिला विश्वकपकी भी मेजबानी करने जा रहा है। यह प्रतियोगिता अक्तूबर के आस-पास होगी, जो खेलों के प्रति देश की बेटियों का उत्साह बढ़ाएगी।"
श्री मोदी ने कहा कि कुछ दिन पहले ही देशभर में 10वीं और 12वीं कक्षा के परिणाम भी घोषित हुए हैं। उन्होंने कहा, " मैं उन सभी विद्यार्थियों को बधाई देता हूं जिन्होंने अपने कठिन परिश्रम और लगन से सफलता अर्जित की है। महामारी के चलते, पिछले दो साल, बेहद चुनौतीपूर्ण रहे हैं। इन परिस्थितियों में भी हमारे युवाओं ने जिस साहस और संयम का परिचय दिया, वह अत्यंत सराहनीय है। मैं, सभी के सुनहरे भविष्य की कामना करता हूँ।