0 3 दिन पहले बिहार के 6 जिलों में की थी कार्रवाई
मुंबई/लखनऊ/पटना/भोपाल/अहमदाबाद/बेंगलुरू। आतंकी संगठन आईएसआईएस (ISIS) के मॉड्यूल को लेकर एनआईए (एनआईए) ने 6 राज्यों में छापेमारी की है। महाराष्ट्र, यूपी, गुजरात, बिहार, मध्य प्रदेश और कर्नाटक में रेड डाली है। इन राज्यों में 13 बिल्डिंग्स ऐसी हैं, जहां एनआईए की टीम पहुंची है। टीम को संदिग्ध सामान मिला है, हालांकि एजेंसी की ओर से इस बारे में जानकारी नहीं दी गई है।
गुजरात के 4 जिलों में रेड
एनआईए ने 25 जून को IPC की धारा 153A और 153B और UA(P) अधिनियम की धारा 18, 18 बी, 38, 39 और 40 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसी मामले में एजेंसी ने MP के भोपाल और रायसेन, गुजरात के भरूच, सूरत, नवसारी और अहमदाबाद जिले में, बिहार के अररिया, कर्नाटक के भटकल और तुमकुर शहर, महाराष्ट्र के कोल्हापुर और नांदेड़ और यूपी में देवबंद जिले में छापेमारी की है।
यूपी से एक संदिग्ध अरेस्ट
यूपी के सहारनपुर में एनआईए और एटीएस टीम ने देवबंद से एक संदिग्ध युवक को अरेस्ट किया है। युवक का नाम फारुख बताया जा रहा है। वह कई भाषाओं का जानकार है, जो देवबंद के एक मदरसे में काफी समय से रहकर पढ़ाई कर रहा था। युवक कर्नाटक के आईएस आतंकी मॉड्यूल के संपर्क में था और टेलिग्राम के माध्यम से आतंकी साहित्य का कई भाषाओं में ट्रांसलेशन करता था। एनआईए उसे अपने साथ किसी गोपनीय जगह पर ले गई है। आगे पूछताछ की जा रही है।
तीन दिन पहले बिहार के 6 जिलों में हुई थी रेड
पटना के फुलवारी शरीफ टेरर केस को लेकर बिहार के 6 जिलों में गुरुवार को एनआईए की टीम ने छापा मारा था। पटना, दरभंगा, मोतिहारी नालंदा, अररिया और मधुबनी में सुबह 6 बजे एनआईए की टीम ने पुलिस के साथ इन जगहों पर दबिश दी थी। इस कार्रवाई में एनआईए की टीम के हाथ अलग-अलग जगहों से डिजिटल डिवाइस और कई महत्वपूर्ण कागजात हाथ लगे। पटना में पीएफआई के संरक्षक अतहर के घर रेड पड़ी। दरभंगा में 3 जगहों पर एनआईए की टीम ने एक साथ दबिश दी। दरभंगा के उर्दू बाजार में नूरुद्दीन जंगी और शंकरपुर में मो. मुस्तकीम और सनाउल्लाह के घर एनआईए की टीम पहुंची। वहां उसके रिश्तेदार से पूछताछ की।