Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में सोमवार को एक निजी अस्पताल में आग लग गई। आग से तीन मंजिला बिल्डिंग लगभग पूरी तरह जल गई। हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 8 की हालत गंभीर है, इनमें से दो लोग ICU में हैं। मरने वालों में अस्पताल के 4 स्टाफ सदस्य भी हैं, जिनमें से तीन के नाम सामने आए हैं। हादसे के वक्त 35 लोग अस्पताल में मौजूद थे। मौतों का आंकड़ा और बढ़ सकता है।

स्थानीय प्रशासन के मुताबिक जबलपुर के विजय नगर स्थित न्यू लाइफ मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल के एंट्रेस पॉइंट पर दोपहर करीब पौने तीन बजे जनरेटर में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में तीन मंजिला बिल्डिंग पूरी तरह जल गई।

बिल्डिंग के दूसरे फ्लोर पर ज्यादा लोगों की मौत हुई है। घायलों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद मरीजों को बचाने के दौरान कुछ लोग अंदर गए जो बाहर नहीं निकल सके। लपटें इतनी तेज थीं कि कमरे में फंसे लोगों को बाहर निकालना बेहद मुश्किल हो गया। कुछ लोगों को खिड़की और दरवाजे तोड़कर बाहर निकाला गया।

अस्पताल प्रबंधन की तरफ से अभी तक कोई बयान सामने नहीं आया है। CM शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए और गंभीर घायलों के लिए 50-50 हजार रुपए की मदद की घोषणा की है। कलेक्टर इलैयाराजा टी ने कहा कि अग्निकांड हादसे की मजिस्ट्रियल जांच की जाएगी।
आग की सूचना पर फायर ब्रिगेड का अमला पहुंचा और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

जनरेटर की वजह से लगी आग
अस्पताल तीन मंजिला है, जिसमें बेड की संख्या 30 है। अस्पताल संचालकों के नाम डॉक्टर सुदेश पटेल, संतोष सोनी, निशांत गुप्ता और संजय पटेल हैं। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने बताया कि दोपहर के वक्त लाइट चली गई थी, इसी दौरान जनरेटर चालू हुआ और इससे हुए शॉर्ट सर्किट की वजह से आग फैल गई। आग नीचे से ऊपर की ओर लगी।

मुख्यमंत्री ने कहा- इलाज का खर्च सरकार उठाएगी
CM शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट करते हुए हादसे पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे की घोषणा की। 

मृतकों में से 7 की पहचान हुई, तीन स्टाफ सदस्य, दो एक ही परिवार के
1. वीर सिंह (30 वर्ष) पिता- राजू ठाकुर, निवासी न्यू कंचन पुर, आधारताल, जबलपुर (स्टाफ सदस्य)
2. स्वाति वर्मा (24), निवासी- नारायणपुर, मझगंवा, जिला सतना (स्टाफ सदस्य)
3. महिमा जाटव (23), निवासी- नरसिंहपुर (स्टाफ सदस्य)
4. दुर्गेश सिंह (42), पिता- गुलाब सिंह, निवासी- आगासौद, पाटन रोड, माढोता (जबलपुर)
5. तन्मय विश्वकर्मा (19), पिता- अमन, खटीक मोहल्ला, घामापुर (जबलपुर)
6. अनुसूइया यादव (55), पति- धर्मपाल, चित्रकूट, मानिकपुर (यूपी)
7. सोनू यादव (26), पिता- श्रीपाल, चित्रकूट, मानिकपुर (यूपी)
8. महिला (फिलहाल पहचान नहीं)

MP : जबलपुर के प्राइवेट अस्पताल में आग, 8 की मौत, 8 गंभीर | SachBedhadak