0 राहुल-प्रियंका ने ट्विटर पर नेहरू की तिरंगे के साथ डीपी लगाई
0 कांग्रेस नेताओं ने किया फॉलो
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ से पहले हर घर तिरंगा अभियान चलाया है। इसके तहत पीएम नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को ट्विटर प्रोफाइल की डीपी के तौर पर लगाई। पीएम ने देश के नागरिकों से भी ऐसा करने की अपील की है।
अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को इसी तर्ज पर कांग्रेस का अभियान शुरू किया है। इसमें उन्होंने पूर्व PM जवाहरलाल नेहरू की तिरंगा थामे हुए तस्वीर को ट्विटर डीपी के तौर पर लगाया है। इस तस्वीर में नेहरू संविधान सभा में तिरंगे को राष्ट्रीय ध्वज के तौर पर पेश करते दिख रहे हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी अपनी डीपी में यही तस्वीर लगाई है। राहुल ने PM के ट्विटर डीपी बदलने के एक दिन बाद ऐसा किया है।
राहुल के ट्रेंड को कांग्रेस नेताओं ने फॉलो किया
राहुल ने इस डीपी को पोस्ट भी किया और लिखा- देश की शान है, हमारा तिरंगा, हर हिंदुस्तानी के दिल में है, हमारा तिरंगा। इसके बाद पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल और कई कांग्रेस नेताओं ने ट्विटर डीपी में यही तस्वीर इस्तेमाल की है। हर घर तिरंगा अभियान के तहत केंद्र सरकार ने नागरिकों से 2 से 15 अगस्त के बीच अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स में राष्ट्रीय ध्वज को अपने डीपी के तौर पर इस्तेमाल करने को कहा है।